Jaipur: विकसित भारत संकल्प यात्रा (शहरी अभियान) का शुभारंभ (Rajasthan News) जयपुर से हो गया है। यह अभियान विधानसभा स्तर पर चलेगा। भजनलाल शर्मा ने सांगानेर विधानसभा से अभियान की शुरुआत की। इस अभियान के तहत केंद्र सरकार की योजनाओं के शिविर लगाए जाएंगे, जहां लाभार्थियों का रजिस्ट्रेशन करके उनको योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
सीएम भजनलाल ने कार्यक्रम में कही ये बात
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा- विकसित भारत संकल्प यात्रा को सांगानेर से शुभारंभ करने पर मुझे बहुत खुशी हो रही है। यह यात्रा परिवर्तनशील साबित होगी। यह यात्रा 276 निकायों तक पहुंचेगी। 25 हजार की आबादी पर एक शिविर लगेगा। शहरी क्षेत्र में 737 शिविर आयोजित होंगे। शिविर में आमजन को मौके पर ही योजना के लाभ के लिए रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। शिविर में चिकित्सा कैंप भी लगाए जाएंगे, जहां आमजन की जांचें हो सकेगी। सीएम ने आगे कहा- मैंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि रोज कितने लाभार्थियों ने शिविर में रजिस्ट्रेशन करवाया। उसका डेटा रखा जाए। वहीं अगर किसी लाभार्थी को लाभ नहीं मिला तो इसकी क्या वजह रही। इसका जवाब अधिकारियों को देना होगा। सीएम ने कहा कि हमारी सरकार गरीबों की सरकार हैं। प्रदेश से भ्रष्टाचार खत्म करने का काम हमारी सरकार करेगी। सीएम भजनलाल शर्मा ने शनिवार को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में विकसित भारत संकल्प रथ को फ्लैग ऑफ करके रवाना किया था।
मंगलवार को अन्य शहरों में होगी अभियान की शुरूआत
जयपुर में अभियान की शुरुआत के बाद मंगलवार को कोटा, उदयपुर, भरतपुर, जोधपुर, अजमेर, अलवर, बीकानेर, भीलवाड़ा जिलों में भी नगर निगम और नगर परिषद क्षेत्रों में विकसित भारत संकल्प यात्रा अभियान की शुरुआत होगी।
पीएम मोदी ने वीसी के जरिए किया था शुभारंभ
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (Rajasthan News) के जरिए राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में ‘विकसित भारत संकल्प रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इस मौके पर जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सीएम भजनलाल शर्मा ने भी शिरकत की थी। इस मौके पर भजनलाल शर्मा ने कहा था कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर गरीब तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का जो सपना हमने संजोया है, उसे सबके साथ और सबके विश्वास से साकार करने की दिशा में हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। हमारी सरकार का मूल मंत्र गरीब की सेवा और वंचितों का सम्मान है। इसी क्रम में विकसित भारत संकल्प यात्रा का शुभारंभ हो रहा है। पीएम नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में यात्रा का शुभारंभ किया था।
अभियान के तहत केंद्र की योजनाओं के लगेंगे शिविर
इन कैंप (Rajasthan News) में प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, पीएम स्वनिधि योजना, आधार अपडेशन संबंधी योजनाओं के शिविर लगाए जाएंगे, जिसमें मौके पर ही लाभार्थियों का रजिस्ट्रेशन कर योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। इसके साथ भारत सरकार द्वारा भिजवाई गई वैन कैंप स्थल पर पहुंचकर आईईसी के माध्यम से विभिन्न योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेगी। यह अभियान शहरी स्थानीय निकायों और नगरीय विकास एवं आवासन विभाग, राजस्थान सरकार के संयुक्त तत्वावधान से चलेगा।