डोईवाला : डोईवाला क्षेत्र के कान्हरवाला निवासी युवा खिलाड़ी आदित्य रावत ने सब जूनियर राष्ट्रीय स्तरीय नौकायन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है। आदित्य ने अपने जोड़ीदार सिद्धार्थ के साथ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की। उनकी इस सफलता से न केवल परिवार और कान्हरवाला क्षेत्र बल्कि पूरे डोईवाला और उत्तराखंड का नाम रोशन हुआ है।
आदित्य की इस उपलब्धि के बाद पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। खेल जगत में तेजी से उभर रहे इस युवा खिलाड़ी से स्थानीय लोगों को भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।
घर लौटने पर हुआ भव्य स्वागत
स्वर्ण पदक जीतकर घर लौटे आदित्य रावत का स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ स्वागत किया। इस दौरान विधायक बृजभूषण गैरोला समाजसेवी राजन गोयल और आरएसएस के राजेंद्र बडोनी आदित्य के आवास पहुंचे और माल्यार्पण कर उनका उत्साहवर्धन किया।
विधायक बृजभूषण गैरोला ने आदित्य को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपनी मेहनत लगन और प्रतिभा के दम पर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे डोईवाला और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के ऐसे होनहार खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए हरसंभव प्रोत्साहन और सहयोग दिया जाएगा।
युवाओं के लिए प्रेरणा बने आदित्य
समाजसेवी राजन गोयल ने कहा कि आदित्य की उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि आदित्य की सफलता से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने की प्रेरणा मिलेगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि आदित्य भविष्य में भी इसी तरह मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ते हुए देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष के परिवार से है संबंध
आदित्य रावत का संबंध डोईवाला नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी के परिवार से भी है। आदित्य उनके बड़े भाई चंद्र सिंह नेगी के नाती हैं। उनके पिता का नाम संदीप रावत और माता का नाम हिमानी है।
सफलता का श्रेय कोच शिक्षकों और माता-पिता को दिया
अपनी स्वर्ण पदक जीतने की सफलता पर आदित्य रावत ने अपने कोच शिक्षकों माता-पिता और क्षेत्रवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनकी सफलता में इन सभी का महत्वपूर्ण योगदान है।
आदित्य ने कहा कि स्थानीय लोगों ने हमेशा उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया है। इसी प्रोत्साहन और परिवार के सहयोग ने उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
आदित्य की इस उपलब्धि से क्षेत्रवासियों में उत्साह है। लोगों ने उम्मीद जताई कि यह युवा खिलाड़ी आने वाले समय में अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश और उत्तराखंड का नाम रोशन करेगा।