हरिद्वार : उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह गांधी ने गुरुवार को बहादराबाद ब्लॉक क्षेत्र में संचालित मदरसों और अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिक्षा व्यवस्था संस्थानों के दस्तावेज बुनियादी सुविधाओं साफ-सफाई और मान्यता की स्थिति की पड़ताल की गई
निरीक्षण में ऐसे संस्थान सामने आए जिन्हें शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त है लेकिन अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण से आवश्यक मान्यता नहीं ली गई थी और वहां धार्मिक शिक्षा संचालित की जा रही थी। प्राधिकरण के अनुसार संबंधित संस्थानों को आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर मान्यता लेने तथा बिना मान्यता धार्मिक शिक्षा संचालित नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।
एक सप्ताह में मान्यता प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश
डॉ. सुरजीत सिंह गांधी ने संबंधित संचालकों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्राधिकरण से मान्यता प्राप्त करें। उन्हें एक सप्ताह के भीतर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने की चेतावनी दी गई है। निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं होने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की बात कही गई है।
बच्चों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ने पर जोर
डॉ. गांधी ने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप धार्मिक शिक्षा प्राप्त करने वाले बच्चों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ने पर जोर दिया। प्राधिकरण के अनुसार संस्थानों को आधुनिक और तकनीकी शिक्षा व्यवस्था से जोड़ने पर भी काम किया जा रहा है।