खटीमा : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा दौरे के दौरान क्षेत्र को करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने हल्दीघेरा में 7 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक गौशाला का लोकार्पण किया। इसके साथ ही खटीमा नानकमत्ता और रुद्रपुर क्षेत्र के लिए कुल 108 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत वाली 15 विकास योजनाओं का शिलान्यास भी किया।
आधुनिक गौशाला का किया लोकार्पण
हल्दीघेरा में नवनिर्मित आधुनिक गौशाला के लोकार्पण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गौशाला निराश्रित गोवंश को सुरक्षित और सम्मानजनक आश्रय उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि निराश्रित गोवंश के लिए बेहतर व्यवस्था होने से किसानों को भी राहत मिलेगी। साथ ही सड़कों पर आवारा पशुओं की मौजूदगी कम होने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में भी मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को विभिन्न गौ सदनों में आश्रय दिया गया है। उन्होंने हल्दीघेरा की गौशाला के भविष्य में विस्तार की भी घोषणा की।
15 विकास योजनाओं का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने खटीमा नानकमत्ता और रुद्रपुर क्षेत्र के लिए 108 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित 15 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं में सड़क पुल बाढ़ सुरक्षा प्रकाश व्यवस्था और भवन निर्माण से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
प्रमुख योजनाओं में सत्रहमील से नानकसागर तक राज्य मार्ग का उच्चीकरण खटीमा चौराहे से थारू विकास भवन तक फोरलेन सड़क का चौड़ीकरण एवं लाइट व्यवस्था ज्ञानपुरगोढ़ी में सड़क और पुल निर्माण खटीमा कॉलेज में आवासीय भवन का निर्माण तथा बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्य शामिल हैं।
सड़क और बाढ़ सुरक्षा पर भी जोर
इन विकास योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने पर जोर दिया गया है। वहीं बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्यों से प्रभावित क्षेत्रों को राहत देने और संभावित नुकसान को कम करने की दिशा में काम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। खटीमा क्षेत्र में सड़क पुल बाढ़ सुरक्षा और अन्य आधारभूत ढांचे से जुड़े कार्यों के पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
हल्दीघेरा गौशाला के लोकार्पण और 15 विकास योजनाओं के शिलान्यास के साथ खटीमा क्षेत्र को एक साथ 116 करोड़ 6 लाख रुपये की विकास सौगात मिली है।