मसूरी : 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस के शहर अध्यक्ष अमित गुप्ता और पूर्व पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने एक निजी होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मसूरी विधायक और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के करीब 15 साल के कार्यकाल को लेकर सवाल खड़े किए। कांग्रेस नेताओं ने 16 ऐसे मुद्दे गिनाए जिन्हें लेकर उनका कहना है कि लंबे समय से घोषणाएं की जाती रही हैं लेकिन कई योजनाएं धरातल पर नजर नहीं आ रही हैं। कांग्रेस ने इन योजनाओं से जुड़े स्वीकृति पत्र और दस्तावेज भी सार्वजनिक करने की मांग की।
टनल की घोषणा पर सवाल
कांग्रेस नेताओं ने मसूरी में करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली टनल की घोषणा शिफ्ट कोर्ट के मजदूरों के आवासों के शिलान्यास 2022 विधानसभा चुनाव से पहले पांच पार्किंग को स्वीकृति दिए जाने सिविल अस्पताल मसूरी में डायलिसिस सेंटर खोले जाने और भिलाडू के खेल मैदान को वन विभाग की स्वीकृति मिलने की घोषणा पर सवाल उठाए। कांग्रेस ने कहा कि यदि भिलाडू खेल मैदान को वन विभाग से स्वीकृति मिली है तो उसका स्वीकृति पत्र सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
मसूरी में वोल्वो बस
इसके साथ ही मसूरी में वोल्वो बस चलाने की स्वीकृति सेंट मैरी अस्पताल को दोबारा संचालित करने एमपीजी कॉलेज में नए कोर्स शुरू करने और 2 सितंबर शहीद स्थल पर म्यूजियम बनाए जाने की घोषणा को लेकर भी कांग्रेस ने सवाल खड़े किए। नेताओं ने एमडीडीए के माध्यम से मसूरी में वेंडर जोन बनाए जाने वन टाइम सेटलमेंट यानी OTS को मंजूरी मिलने नोटिफाइड और डी-नोटिफाइड क्षेत्र तथा मास्टर प्लान बनाए जाने की घोषणा पर भी सवाल उठाए।
बुरांशखंडा में पर्यटकों के लिए झील
कांग्रेस ने एलकेडी रोड के चौड़ीकरण की स्वीकृति बुरांशखंडा में पर्यटकों के लिए झील बनाए जाने और गढ़-मोटीधार में सड़क निर्माण की स्वीकृति को लेकर भी सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। वहीं आय से अधिक संपत्ति के मामले में बरी होने को लेकर की गई घोषणा पर भी कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाते हुए इससे जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक करने की बात कही। कांग्रेस का कहना है कि इन 16 मुद्दों को लेकर अब चुनाव तक लगातार अभियान चलाया जाएगा और मसूरी विधानसभा क्षेत्र के घर-घर तक पहुंचकर जनता को इन घोषणाओं और उनकी जमीनी स्थिति के बारे में बताया जाएगा।
किच्छा में स्ट्रांग रूम पर विवाद
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस शहर अध्यक्ष ने किच्छा नगर निकाय चुनाव के दौरान कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के साथ हुई घटना की भी कड़ी निंदा की। किच्छा में स्ट्रांग रूम के बाहर विवाद के दौरान बेहड़ के साथ धक्का-मुक्की हुई और उन्हें थप्पड़ मारे जाने का आरोप सामने आया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह की घटना गंभीर चिंता का विषय है और इसे लोकतंत्र की हत्या करार देते हुए मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस शहर अध्यक्ष अमित गुप्ता और पूर्व पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने कहा कि अब इन सभी मुद्दों को लेकर कांग्रेस जनता के बीच जाएगी और चुनाव तक लगातार अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मसूरी की जनता के सामने घोषणाओं और धरातल पर हुए काम का पूरा हिसाब रखा जाएगा।