चम्पावत : नेपाल में हुई भारी वर्षा और भीषण बाढ़ की स्थिति को देखते हुए चम्पावत जिले के नेपाल सीमा से सटे संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। सेनानायक SDRF के निर्देश पर SDRF टीम टनकपुर को हाई अलर्ट मोड पर रखा गया है। टीम शारदा घाट शारदा बैराज और आसपास के तटीय एवं निचले इलाकों में लगातार निगरानी और गश्त कर रही है।
SDRF के जवानों ने घाटों और निचले इलाकों में पहुंचकर स्थानीय निवासियों यात्रियों और मछुआरों को नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावित स्थिति के प्रति जागरूक किया। लोगों से नदी के आसपास सावधानी बरतने और किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाने की अपील की गई। SDRF की टीम आवश्यक जीवनरक्षक उपकरणों के साथ 24 घंटे आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सिंचाई विभाग राजस्व विभाग पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमों को आपसी समन्वय बनाए रखने के साथ नदी के जलस्तर पर लगातार कड़ी निगरानी रखने को कहा है।
जिला प्रशासन की ओर से आपदा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी या किसी अन्य आपात स्थिति की जानकारी समय रहते मिल सके और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
नदी और तटीय क्षेत्रों में न जाने की अपील
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे उफनती नदियों शारदा घाट और अन्य तटीय क्षेत्रों के समीप अनावश्यक रूप से न जाएं। बच्चों और पशुओं को भी नदी के किनारों से दूर रखने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन या जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचना दें ताकि समय रहते प्रभावित लोगों तक त्वरित सहायता पहुंचाई जा सके।