ल्वाणी : इन दिनों कुरुड़ से चली मां नंदादेवी की डोली अपनी पौराणिक जातयात्रा पर है। यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर राजराजेश्वरी मां नंदा की डोली का श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया जा रहा है। इसी क्रम में थराली विधानसभा क्षेत्र के देवाल विकासखंड अंतर्गत ल्वाणी स्थित सिद्धपीठ नंदा मंदिर पिलखड़ा में मां नंदा की जातयात्रा के स्वागत के लिए आयोजित दो दिवसीय संस्कृति मेले का भव्य शुभारंभ हुआ।
पिलखड़ा ल्वाणी में आयोजित 20वें दो दिवसीय संस्कृति मेले का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष चमोली दौलत सिंह बिष्ट और थराली विधायक भूपालराम टम्टा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इससे पहले दोनों अतिथियों ने पिलखड़ा स्थित मां नंदादेवी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
मेले के शुभारंभ अवसर पर जिला पंचायत सदस्य उर्मिला बिष्ट कलावती देवी और बलवीर राम सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मां नंदा के जागरों के साथ संस्कृति विभाग की टीमों ने लोकगीत और लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक संस्कृति से सराबोर इन प्रस्तुतियों ने मेले में पहुंचे लोगों का मन मोह लिया।
राजकीय मेले का स्वरूप मिलने पर जताया आभार
मेला समिति के अध्यक्ष महावीर बिष्ट ने पिलखड़ा मेले को राजकीय मेले का स्वरूप दिए जाने पर थराली विधायक भूपालराम टम्टा और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मेले को राजकीय स्वरूप मिलने से क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को और मजबूती मिलेगी। साथ ही आने वाले वर्षों में मेले के आयोजन को और बेहतर तरीके से किया जा सकेगा।
संस्कृति और पारंपरिक मेलों के संरक्षण पर जोर
मुख्य अतिथि थराली विधायक भूपालराम टम्टा ने मां नंदा की भव्य जातयात्रा के लिए क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पौराणिक संस्कृति धार्मिक परंपराओं और पारंपरिक मेलों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है।
विधायक ने कहा कि मानसखंड मंदिर माला कॉरिडोर के माध्यम से गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्र के ऐतिहासिक मंदिरों एवं धार्मिक धरोहरों के संरक्षण और विकास का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने पिलखड़ा मेले को राजकीय मेले का दर्जा दिए जाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार का आभार भी जताया।
37 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा
मेले के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष चमोली दौलत सिंह बिष्ट ने जिला पंचायत सदस्य उर्मिला बिष्ट की ओर से क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर दिए गए मांगपत्र पर सकारात्मक कार्रवाई करते हुए कुल 37 लाख रुपये के विभिन्न कार्य प्रस्तावों के लिए धनराशि जारी करने की घोषणा की।
इस घोषणा के बाद स्थानीय लोगों ने खुशी जताई और क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद व्यक्त की। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
मां नंदा की जातयात्रा और संस्कृति मेले के चलते पिलखड़ा ल्वाणी में इन दिनों धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल बना हुआ है। मेले में स्थानीय लोगों के साथ दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु भी उत्साह के साथ शामिल हो रहे हैं। मां नंदा के जागर लोकगीत और लोकनृत्य मेले के प्रमुख आकर्षण बने हुए हैं।