हरिद्वार में बैशाखी का पर्व इस वर्ष भी पूरी श्रद्धा आस्था और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। हर की पैड़ी समेत विभिन्न गंगा घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं और अपने जीवन की सुख-शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
स्नान करने से जीवन के कष्ट दूर
श्रद्धालुओं का मानना है कि गंगा स्नान करने से जीवन के कष्ट दूर होते हैं और ईश्वर की कृपा बनी रहती है। साथ ही वे यह भी कामना कर रहे हैं कि जिस प्रकार प्रकृति ने उन्हें अब तक सहारा दिया है उसी तरह आगे भी जीवन में समृद्धि बनी रहे और धरती मां इसी तरह अच्छी फसल प्रदान करती रहे।
दरअसल बैशाखी का पर्व कृषि और धार्मिक दोनों दृष्टियों से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। इस समय गेहूं की फसल पूरी तरह तैयार हो जाती है और इसी दिन से फसल कटाई की शुरुआत होती है। इसके अलावा इसी पावन दिन खालसा पंत की स्थापना भी हुई थी जिसके कारण यह त्योहार विशेष रूप से पंजाबी समुदाय में बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाया जाता है।
स्नान का विशेष महत्व
बैशाखी के अवसर पर गंगा स्नान का विशेष महत्व होने के कारण हरिद्वार में श्रद्धालुओं की संख्या में भारी इजाफा हुआ है। श्रद्धालु स्नान के साथ-साथ दान-पुण्य भंडारा और धार्मिक अनुष्ठानों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
क्षेत्र 10 जोन और 33 सेक्टर में विभाजित
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। मेला क्षेत्र को 10 जोन और 33 सेक्टर में विभाजित कर पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कुल मिलाकर आस्था और उत्साह के इस पावन पर्व पर हरिद्वार पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ नजर आ रहा है।