देहरादून - केदारनाथ मंदिर की विश्व प्रसिद्ध यात्रा इस वर्ष नए रिकॉर्ड बना रही है। यात्रा के शुरुआती चरण से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ धाम पहुंच रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में आस्था और उत्साह का माहौल बना हुआ है। रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के बावजूद प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं। यात्रा मार्ग से लेकर धाम तक हर स्तर पर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा स्वयं व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं। पैदल मार्ग पर विश्राम स्थल, भोजन, पेयजल, चिकित्सा और सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की गई है।धाम क्षेत्र में साफ-सफाई, आवास और आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
यात्रा अनुभव को सुखद और यादगार बताया
प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन टीमों के समन्वित प्रयासों से यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाया गया है। देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु व्यवस्थाओं की खुलकर सराहना कर रहे हैं। गाजियाबाद, दिल्ली, बेंगलुरु और नागपुर से आए यात्रियों ने प्रशासन की तैयारियों को उत्कृष्ट बताते हुए यात्रा अनुभव को सुखद और यादगार बताया है।