रुड़की के बुग्गावाला थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है जहां एक महिला ने अपने पति पर तीन तलाक देकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है और अब इस केस में समान नागरिक संहिता यानी UCC के तहत भी कड़ी धाराएं जोड़ने की तैयारी है।
मानसिक रूप से किया प्रताड़ित
थाना बुग्गावाला क्षेत्र के बंदरजूड गांव में रहने वाली शाहीन की शादी करीब ढाई साल पहले मुस्लिम रीति-रिवाज से मोहम्मद दानिश के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। पीड़िता का कहना है कि हाल ही में उसके पति ने कथित तौर पर तीन बार तलाक कहकर उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद महिला ने हिम्मत जुटाकर पुलिस से शिकायत की।
UCC के तहत जोड़ी जाएंगी धाराएं
शिकायत मिलते ही बुग्गावाला पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इसमें UCC के तहत भी धाराएं जोड़ी जाएंगी। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।