कोलकाता: पश्चिम बंगाल सरकार ने चोरबागान हादसे में जान गंवाने वाले बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी पिता और बेटे के परिवार को आर्थिक सहायता पहुंचाई है। मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये के दो मुआवजा चेक सौंपे गए हैं। वहीं, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने वीडियो कॉल के जरिए शोक संतप्त परिवार के सदस्यों से बातचीत कर अपनी संवेदना व्यक्त की।
चोरबागान हादसे में गई थी 19 लोगों की जान
दरअसल, दुर्गापूजा के दौरान सप्तमी के दिन कोलकाता के चोरबागान इलाके में एक दर्दनाक हादसा हुआ था। पूजा पंडाल में उमड़ी भारी भीड़ के बीच भगदड़ मचने से कुल 19 लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में 17 पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे, जबकि दो लोग बिहार के मुजफ्फरपुर के निवासी थे। मृतकों का आपस में पिता और पुत्र का रिश्ता था। इस घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया था।
बिहार नहीं पहुंच पाए थे मुख्यमंत्री, फोन पर की थी बातचीत
हादसे के बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना जताई थी और हर संभव मदद का भरोसा दिया था। हालांकि, बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी पिता-पुत्र के परिवार तक मुख्यमंत्री स्वयं नहीं पहुंच पाए थे। लेकिन उन्होंने फोन के माध्यम से परिवार के सदस्यों से बातचीत की थी। साथ ही भरोसा दिया था कि राज्य सरकार की ओर से प्रतिनिधिमंडल भेजकर पीड़ित परिवार को मुआवजे की राशि सौंपी जाएगी।
मंत्री उमेश राय के नेतृत्व में बिहार पहुंचा प्रतिनिधिमंडल
मुख्यमंत्री के इसी आश्वासन के बाद शुक्रवार को पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से मंत्री उमेश राय समेत संबंधित विभाग के अधिकारी बिहार के मुजफ्फरपुर पहुंचे। वहां उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले पिता और बेटे के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिवारों को 25 लाख रुपये के दो मुआवजा चेक सौंपे गए।
वीडियो कॉल पर परिजनों से बोले मुख्यमंत्री
वहीं, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने वीडियो कॉल के जरिए परिवार के सदस्यों से बातचीत की। उन्होंने परिजनों का हालचाल जाना और इस मुश्किल घड़ी में उनके प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है और भविष्य में भी हर संभव सहयोग किया जाएगा।
पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी पश्चिम बंगाल सरकार
गौरतलब है कि चोरबागान हादसे के बाद से ही राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता और सहयोग देने की पहल की गई थी। इसी क्रम में बिहार के मुजफ्फरपुर के रहने वाले दोनों मृतकों के परिजनों तक भी मुआवजे की राशि पहुंचाई गई। हालांकि, आर्थिक सहायता से अपनों को खोने का दर्द कम नहीं हो सकता, लेकिन राज्य सरकार की इस पहल के जरिए शोक संतप्त परिवार को मुश्किल वक्त में मदद और साथ देने का संदेश दिया गया है।