कोलकाता - पश्चिम बंगाल की सियासत एक बार फिर चुनावी हलचल से गर्म हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग ने राज्य सहित कई अन्य राज्यों में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप देने में तेजी लगा दी है। सूत्रों के अनुसार, आयोग 15 या 16 मार्च को पश्चिम बंगाल समेत चार राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर सकता है।
मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण पूरा
चुनाव आयोग ने बताया कि पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (Special Summary Revision – SIR) अभियान को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है और अब वैध मतदाता सूची तैयार है। इससे पहले राज्य के सभी मतदाताओं की जानकारी अपडेट की गई और नए मतदाताओं को सूची में शामिल किया गया।
रिटर्निंग ऑफिसर के स्तर को अपग्रेड
चुनाव प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आयोग ने राज्य की सभी 294 विधानसभा सीटों पर रिटर्निंग ऑफिसर (RO) के स्तर को अपग्रेड कर दिया है। अब प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में एसडीएम (Sub-Divisional Magistrate) या समकक्ष/उच्च अधिकारी तैनात किए जाएंगे। इससे पहले कई क्षेत्रों में अपेक्षाकृत जूनियर अधिकारियों को यह जिम्मेदारी दी जाती थी। राज्य सरकार ने आयोग को वरिष्ठ अधिकारियों की सूची भी सौंप दी है।चुनाव आयोग का मानना है कि इस कदम से चुनावी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, प्रभावी और प्रशासनिक रूप से मजबूत होगी।
सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां
चुनाव तिथियों की घोषणा से पहले आयोग प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्थाओं को भी मजबूत कर रहा है। राज्य में कानून व्यवस्था, मतदान स्थलों की सुरक्षा और चुनावी सामग्री की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष उपाय किए जा रहे हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तैयारियों की यह तेजी यह संकेत देती है कि राज्य में आने वाले चुनावों में चुनाव आयोग पूरी तरह तैयार है और सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित किया गया है।
Comments (0)