आपने अभी तक अपराधियों को पकड़ने के लिए इनाम राशि देने की घोषणा करते हुए सुना होगा। लेकिन मध्य प्रदेश के राजगढ़ से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां पर एक बंदर को पकड़ने के लिए नगरपालिका अध्यक्ष ने 21 हजार रुपए राशि का नकद इनाम रखा है।
40 से ज्यादा लोगों को बनाया शिकार
दरअसल राजगढ़ जिले में एक बंदर ने हंगामा मचा कर रख दिया है। बताया जा रहा है कि पिछले 2 हफ्ते में 40 से ज्यादा लोगों को बंदर अपना शिकार बना चुका है। इस बंदर की वजह से पूरे राजगढ़ नगर में दहशत का माहौल है और नगर की कॉलोनियों में सन्नाटा पसरा हुआ है। बंदर के आतंक से घायल हुए लोगों ने बताया कि लोग बंदर के खौफ में है लेकिन वन विभाग के द्वारा इसे पकड़ने के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किया गया है। इन वारदातों को लेकर लोगों की लगातार मिल रही शिकायतों से जिला प्रशासन, वन विभाग और नगरपालिका की नाक में दम हो गया है।
राजगढ़ नगर में लॉकडाउन
बंदर के दहशत के कारण लोगों में खौफ बना हुआ है। पिछले 2 हफ्तों से स्थानीय लोग घर से निकलने के पहले सोच में पड़ जाते हैं। बताया जा रहा है कि राजगढ़ नगर में लॉकडाउन लगा हुआ है। नगर पालिका के द्वारा बंदर को पकड़ने के लिए कई तरह के प्रयास किए गए लेकिन उसे खाली हाथ लौटना पड़ा। इसी बीच नगर पालिका अध्यक्ष विनोद साहू ने आज घोषणा की है जो भी बंदर को पकड़ेगा उसको ₹21000 का इनाम दिया जाएगा।
युवा बंदर की तलाश में जुटे
बताया जा रहा है कि राजगढ़नगर में युवा सुबह से उठकर बंदर की तलाश में जुट जाते हैं। ताकि नगर में दहशत का माहौल खत्म हो जाए लेकिन अभी तक बंदर युवाओं के कब्जे से बाहर है। बता दें कि ये बंदर रोजाना किसी न किसी व्यक्ति को अपना शिकार बना रहा है। इसके अलावा बताया जा रहा है कि परेशान लोगों ने कलेक्टर से भी मुलाकात की थी और उनको समस्या के बारे में जानकारी दी थी।
Comments (0)