MP Weather : मध्य प्रदेश में कंपकंपाने वाली ठंड ने दस्तक दे दी है। प्रदेश में लगातार ठंड बढ़ रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के 6 जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना जताई है। वहीं इससे तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। खराब मौसम के कारण देरी से फ्लाइट चल रही है। इधर कोहरे की वजह से 17 ट्रेनें लेट चल रही है।
इन हिस्सों में बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने आने वाले दो से तीन दिन तक प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मौसम बिगड़ा रहने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग की माने तो प्रदेश के मध्य भाग भोपाल, रीवा शहडोल, सागर, संभाग के जिले डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, नर्मदा पुरम बैतूल, खंडवा और इंदौर, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगरमालवा, गुना, अशोकनगर ,शिवपुरी के जिलों में गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है।
ग्वालियर चंबल अंचल में सर्दी का सितम जारी
वहीं बीते दो दिनों से लगातार छाए बादलों और बूंदाबांदी के कारण दिन के तापमान में गिरावट नजर आ रही है। गुरुवार को कई जिलों के अधिकतम तापमान में एक से सात डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। भोपाल, दमोह, रीवा, नौगांव, सागर, गुना, ग्वालियर, इंदौर, रायसेन, रतलाम और उज्जैन में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। इधर ग्वालियर चंबल अंचल में सर्दी का सितम जारी है। गुरुवार को लगातार 5वें दिन सूरज नहीं निकला। जिसके कारण दिन और रात के तापमान में सिर्फ 3.5 डिग्री का अंतर देखने को मिला। बतादें कि यहां गुरुवार को रात का तापमान 10.9 डिग्री रहा। वहीं दिन का अधिकतम तापमान 14.7 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग की माने तो कश्मीर हिमाचल की बर्फीली हवाओं ने ठिठुरन बढ़ाई है। वहीं शनिवार से ग्वालियर चंबल में बूंदाबांदी के आसार है।
Comments (0)