दुनियाभर में आज इंटरनेशनल योग दिवस 2023 मनाया जा रहा है। इसका असर मध्य प्रदेश में भी देखा जा रहा है। जहां पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित प्रदेश के कई दिग्गज नेता योग करते देखे जा रहे हैं। इसी बीच बीजेपी प्रवक्ता और मंदसौर से विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने योग को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर कई सवाल खड़े किए हैं।
यशपाल सिंह सिसोदिया ने कहा
आज योगा दिवस पर बीजेपी प्रवक्ता और मंदसौर विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, कभी भी राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, ने योग दिवस पर लोगों से जुड़ने की अपील की है क्या? साथ ही साथ कहा कि योग दिवस पर कांग्रेस पार्टी इतना परहेज क्यों कर रही है। यह RSS की शाखा नहीं है जहां आपके आने से अलग विचारधारा के लोग भड़क जाएंगे।
घरों में तो करते होंगे योग
आगे उन्होंने कहा कि, आज जब पूरी दुनिया योग का स्वागत कर रही है तब बुझे मन से ही सही इसका स्वागत तो कर दो। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सूर्य नमस्कार का विरोध करना वंदे मातरम का विरोध करना यह किस राजनीति की किताब में लिखा है और कहा कि आप बंद कमरों में और घरों में तो करते होंगे योग लेकिन सार्वजनिक रूप से क्यों नहीं सामने आते हैं। अंतिम में कहा कि मोदी जी की अपील का साथ देने के लिए चाहे आपकी अंतरात्मा गवाही नहीं दे रही हो लेकिन लोगों को जोड़ने के लिए आप कम से कम सार्थक प्रयास तो कर सकते हैं।
योग दिवस की थीम
इस साल यानि की 2023 में 9 वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। प्रदेश भर में बीजेपी के नेता इस कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं। साथ ही साथ योग के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य रहने की तरीका बता रहे हैं। बता दें कि इस साल की थीम वसुधैव कुटुम्बकम के सिद्धांत पर 'वन वर्ल्ड, वन हेल्थ' रखी गई है। इस थीम को आयुष मंत्रालय ने चुना है।
Comments (0)