सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत और देशभर के 25 हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस 7 फरवरी से भोपाल प्रवास पर रहेंगे। सभी माननीय जज नेशनल ज्यूडिशियल एकेडमी (NJA), भोपाल में आयोजित हाईकोर्ट चीफ जस्टिस नेशनल वर्कशॉप में हिस्सा लेंगे। यह दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला 7 और 8 फरवरी को आयोजित की जा रही है। इस महत्वपूर्ण सम्मेलन की थीम ‘एकीकृत, कुशल और जन-केंद्रित न्यायपालिका’ रखी गई है। वर्कशॉप के दौरान देश की न्यायिक व्यवस्था को आम नागरिकों के लिए अधिक सुलभ, पारदर्शी और प्रभावी बनाने पर विस्तृत मंथन किया जाएगा।
न्याय प्रणाली को और प्रभावी बनाने पर फोकस
वर्कशॉप में न्याय वितरण प्रणाली को तेज, किफायती और उच्च गुणवत्ता वाला बनाने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी। इसमें लंबित मामलों में कमी, तकनीक के प्रभावी उपयोग, न्यायिक प्रक्रियाओं के सरलीकरण और न्याय तक आमजन की आसान पहुंच जैसे विषय प्रमुख रहेंगे। CJI जस्टिस सूर्यकांत इस अवसर पर देशभर के चीफ जस्टिस को संबोधित करेंगे और भविष्य की न्यायिक चुनौतियों पर अपने विचार साझा करेंगे।
CJI बनने के बाद पहला मध्यप्रदेश दौरा
मुख्य न्यायाधीश बनने के बाद जस्टिस सूर्यकांत का यह पहला मध्यप्रदेश दौरा है। लंबे समय बाद एक साथ इतने बड़े स्तर पर हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस भोपाल पहुंच रहे हैं, जिससे इस राष्ट्रीय सम्मेलन को विशेष महत्व मिल गया है।
कई वरिष्ठ जज होंगे शामिल
इस कार्यशाला में सुप्रीम कोर्ट के कई न्यायाधीश, मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा, जबलपुर, इंदौर और ग्वालियर बेंच के न्यायाधीशों सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ जस्टिस शामिल होंगे। नेशनल ज्यूडिशियल एकेडमी ने इसे वर्ष 2026 का सबसे महत्वपूर्ण ज्यूडिशियल कॉन्फ्रेंस बताया है। यह सम्मेलन न्यायपालिका को जन-आकांक्षाओं के अनुरूप ढालने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Comments (0)