मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राजस्व मंत्री करण वर्मा पर जोरदार सियासी हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए कहा कि लाडली बहनों के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाना अब भाजपा नेताओं की कार्यशैली बनती जा रही है।
“नाम काटने” की धमकी पर सवाल
उमंग सिंघार ने लिखा कि मंत्री करण वर्मा द्वारा लाडली बहनों को मंच पर बुलाने और न आने पर “नाम काटने” जैसी धमकी देना केवल एक गैर-जिम्मेदाराना बयान नहीं है, बल्कि यह सत्ता के दुरुपयोग और महिला-विरोधी सोच का खुला प्रमाण है।
महिला सम्मान पर उठाया बड़ा सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने सवाल किया कि क्या यही भाजपा शासन में महिला सम्मान है? उन्होंने कहा कि पहले सरकार ने लाडली बहनों को ₹3000 देने के बड़े-बड़े वादे किए, फिर राशि ₹1500 पर आकर रुक गई, और अब जब बहनें अपना हक़ मांग रही हैं तो उन्हें धमकाया जा रहा है।
‘संस्कारों’ की बात करने वाली पार्टी पर निशाना
उमंग सिंघार ने कहा कि ‘संस्कारों’ की दुहाई देने वाली पार्टी की असल तस्वीर उसके मंत्री स्वयं अपने बयानों से उजागर कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है।
पहले भी हो चुकी हैं आपत्तिजनक टिप्पणियां
उन्होंने याद दिलाया कि इससे पहले भाजपा मंत्री विजय शाह द्वारा प्रदेश की लाडली बहनों और देश की बेटी कर्नल सोफिया को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा चुकी हैं, लेकिन उस समय भी पार्टी ने चुप्पी साध ली थी।
Comments (0)