भोपाल - लाड़ली बहना योजना को लेकर दिए गए बयान के बाद मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री करण सिंह वर्मा विवादों में घिरते नजर आए। सोशल मीडिया पर बयान को लेकर उठे सवालों के बाद मंत्री ने सफाई जारी करते हुए कहा कि उनके शब्दों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। उन्होंने कहा कि अगर उनके किसी कथन से किसी को ठेस पहुंची है तो वह इसके लिए खेद व्यक्त करते हैं।
सोशल मीडिया पर बयान को लेकर मचा विवाद
मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफार्मों के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली कि उनके विधानसभा क्षेत्र के ग्राम धामंदा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही गई बातों को गलत संदर्भ में फैलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम की शुरुआत में उन्होंने उपस्थित सभी बहनों और नागरिकों को सम्मानपूर्वक प्रणाम किया था।
महिला सशक्तिकरण और योजनाओं पर था फोकस
मंत्री ने बताया कि अपने संबोधन में उन्होंने स्व-सहायता समूहों और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य बहनों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें निरंतर सहयोग देना है।
आगे भी मिलती रहेगी आर्थिक सहायता
करण सिंह वर्मा ने साफ किया कि मध्यप्रदेश में बहनों को मिलने वाली आर्थिक सहायता आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री द्वारा 15 अगस्त जैसे राष्ट्रीय पर्व पर बहनों को सम्मानपूर्वक सहायता प्रदान की जाती है। लाड़ली बहना योजना बहनों के सम्मान से जुड़ी है और इसे कोई भी समाप्त नहीं कर सकता।
बहनों के सम्मान में ही रखा पूरा संबोधन
मंत्री ने कहा कि उन्होंने पहले भी और बाद में भी बहनों के सम्मान में उन्हें प्रणाम करते हुए अपनी बात रखी। उन्होंने दोहराया कि यदि उनके किसी बयान से किसी की भावना आहत हुई है तो वह इसके लिए खेद प्रकट करते हैं।
कांग्रेस का पलटवार
मंत्री के बयान पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लाड़ली बहना योजना को लेकर भाजपा के मंत्री लगातार भ्रम की स्थिति पैदा कर रहे हैं। कांग्रेस ने मांग की है कि सरकार लाड़ली बहना योजना को लेकर स्थिति स्पष्ट करे और बहनों के हितों से किसी भी तरह का समझौता न करे।
Comments (0)