लोकसभा चुनाव 2024 को जीतने की कवायद और कसरत अपने चरम पर है। कांग्रेस और बीजेपी के नेता एक-दूसरे पर खूब वार-पलटवार कर रहे हैं। इसी क्रम में कांग्रेस के राज्यसभा सांसद
विवेक तन्खा ने मिशन 2024 को प्रजातंत्र को बचाने की लड़ाई बताया है।
भाजपा सरकार देश में विपक्ष का गला घोंट रही है
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि, अगर देश की जनता 5 साल बाद फिर चुनाव चाहती है तो उसे इस चुनाव में विपक्ष को मजबूत बनाना चाहिए। विवेक तन्खा ने आरोप लगाया कि, सत्तारुढ़ भाजपा सरकार देश में विपक्ष का गला घोंट रही है, लेकिन प्रजातंत्र तभी तक जीवित रहेगा जब तक देश में विपक्षी दल जीवित रहेंगे।
बीजेपी देश में एकपक्षीय राज चाहती है
कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि, भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस मुक्त नारे को साकार बनाकर देश में एकपक्षीय राज चाहती है, जो प्रजातंत्र के कतई हित में नहीं है। राज्यसभा सांसद तन्खा ने आगे कहा कि, ऐन चुनाव के वक्त कांग्रेस को कोर्ट कचहरी में उलझा दिया गया है और आज कांग्रेस के पास देश में मजबूती से चुनाव प्रचार करने लायक पैसे भी नहीं बचे हैं।
विपक्षी नेताओं को कई नोटिस आ सकते हैं
विवेक तन्खा ने आशंका जताई कि, 31 मार्च से पहले कांग्रेस और विपक्षी दलों के नेताओं को आयकर विभाग के और भी कई नोटिस थमाए जा सकते हैं। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने देश की जनता से प्रजातंत्र की खातिर, चुनाव में विपक्ष का साथ देने की अपील की है।
Comments (0)