रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 85 किलोग्राम गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपी मध्यप्रदेश के बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही महिंद्रा कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त गांजे की कीमत 42.50 लाख रुपये, जबकि गांजा सहित अन्य जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 58 लाख रुपये आंकी गई है।
दुर्गा चौक मैदान के पास कार से गांजा बरामद
पुलिस के मुताबिक, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के दुर्गा चौक मैदान के पास चारपहिया वाहन में गांजा तस्करी की सूचना पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। जांच के दौरान कार की डिक्की से 85 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। इसके बाद वाहन में मौजूद तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया।
ओडिशा के बलांगीर से गांजा लाने की जानकारी
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के बलांगीर से लाकर यहां पहुंचाने की जानकारी दी है। पुलिस अब तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। इसके लिए गांजा उपलब्ध कराने वाले स्रोतों, संभावित खरीदारों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के उद्देश्य से बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
अनीश साहू — निवासी जवाहर गंज, संकट मोचन गली के पास, थाना कोतवाली, सागर, मध्यप्रदेश।
राकेश साहू — निवासी ग्राम मूहाड, थाना बिछिया, जिला मंडला, मध्यप्रदेश। पुलिस विवरण में चंगोराभाठा और फिंगेश्वर के पते भी दर्ज हैं।
सूरज कलेत — निवासी ग्राम सानटेगरी, थाना सांकरा, जिला महासमुंद, छत्तीसगढ़।
नशे के खिलाफ कार्रवाई में अब तक 7 करोड़ से अधिक की जब्ती
पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई सहित रायपुर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीमों ने अब तक एनडीपीएस एक्ट के 92 मामलों में कुल 204 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन मामलों में गांजा, ओशन ग्रो (गांजा), प्रतिबंधित नशीली गोलियां, एमडीएमए, कोकीन, हेरोइन, ब्राउन शुगर, अफीम, प्रतिबंधित सिरप और अन्य मादक पदार्थों के साथ नकदी, वाहन, मोबाइल फोन तथा अन्य सामग्री जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, जब्त सामग्री की कुल कीमत 7 करोड़ 9 लाख 98 हजार रुपये है।