रायपुर: राजधानी रायपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाला चोरी का मामला सामने आया है। ऑनलाइन जुआ खेलने की लत और कर्ज चुकाने के लिए एक युवक ने अपनी ही बहन के घर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। आरोपी ने बहन के सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात चोरी किए थे। मामले में टिकरापारा थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 37 लाख रुपये कीमत के 25 तोला सोने के जेवरात बरामद किए हैं।
CCTV फुटेज से पकड़ा गया आरोपी
पुलिस के मुताबिक, 30 अक्टूबर को टिकरापारा थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नगर में एक मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण चोरी किए जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही परिजनों से पूछताछ कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इसी दौरान फुटेज में एक संदिग्ध मकान की दीवार फांदकर अंदर घुसते और सीढ़ियों के रास्ते ऊपर जाते दिखाई दिया। जांच में उसकी पहचान शिकायतकर्ता के साले के रूप में हुई।
ऑनलाइन जुए में हुआ कर्ज, फिर बनाई चोरी की योजना
पुलिस पूछताछ में आरोपी प्रियंक उर्फ शुभम ने बताया कि उसे ऑनलाइन जुआ खेलने की आदत है और उस पर काफी कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने जीजा के घर चोरी करने की योजना बनाई। आरोपी कुछ दिन पहले अपनी बहन के साथ जीजा के घर दो दिन तक रुका था। इस दौरान उसे अलमारी में रखे सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों के साथ नकदी की जानकारी मिल गई थी। उसे यह भी पता था कि उसकी बहन कोंडागांव गई हुई है और घर सूना है।
ग्राइंडर मशीन से तोड़ा ताला और अलमारी का लॉकर
पुलिस के अनुसार, आरोपी वारदात के दिन मकान की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुआ और तीसरी मंजिल पर पहुंचा। इसके बाद उसने छोटी ग्राइंडर मशीन की मदद से दरवाजे की कुंडी और ताला तोड़ा। मकान के अंदर घुसकर उसने अलमारी का लॉकर तोड़ा और उसमें रखे सोने, चांदी एवं हीरे के आभूषणों तथा नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद संदेह से बचने के लिए आरोपी ने कुछ आभूषण वहीं छोड़ दिए और कपड़ों को व्यवस्थित कर अलमारी में रख दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
37 लाख के जेवर बरामद, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी प्रियंक उर्फ शुभम को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 37 लाख रुपये कीमत के 25 तोला सोने के जेवरात बरामद किए हैं। आरोपी मूल रूप से महासमुंद जिले के पंजाबीपारा, वार्ड क्रमांक 13 का निवासी है। उसका वर्तमान पता प्रिंस कॉलोनी, लक्ष्मी नगर, टिकरापारा, रायपुर बताया गया है। ऑनलाइन जुए की लत और कर्ज के चलते अपने ही रिश्तेदार के घर चोरी की इस वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।