रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित पोरवाल टार फैक्ट्री में सोमवार दोपहर भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना दोपहर करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री में प्रोसेसिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान टार लीक होने से आग भड़क उठी और देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया।
टार लीक होने से फैली आग
फैक्ट्री में टार जैसे ज्वलनशील पदार्थ की मौजूदगी के कारण आग तेजी से फैल गई। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर से दिखाई देने लगा। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना मिलते ही संबंधित टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने की कार्रवाई की।
आग पर पाया गया काबू, जांच के बाद होगी कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, फैक्ट्री में लगी आग पर अब काबू पा लिया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।