भोपाल: डोल ग्यारस के अवसर पर पुराने भोपाल में निकलने वाले पारंपरिक जुलूस को देखते हुए पुलिस और यातायात प्रशासन ने व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है। मंगलवार दोपहर 1 बजे से जुलूस के समापन तक पुराने शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित या परिवर्तित रहेगी। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, जुलूस के आगे बढ़ने के साथ रास्तों को 6 चरणों में बंद और खोला जाएगा। लोगों को परेशानी से बचाने के लिए अलग-अलग मार्गों से ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।
पीरगेट क्षेत्र में भारी वाहनों की एंट्री बंद
पीरगेट से आगे मध्यम और भारी मालवाहक वाहनों के साथ BCLL सिटी बसों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। भोपाल टॉकीज से इमामबाड़ा की तरफ भी भारी वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। वैकल्पिक मार्ग: वाहन चालक रॉयल मार्केट से तीन मोहरा, भोपाल टॉकीज, नादरा बस स्टैंड और भारत टॉकीज होते हुए आगे जा सकेंगे।
इमामबाड़ा चौकी पर भी रहेगा प्रतिबंध
नादरा बस स्टैंड से घोड़ा नक्कास की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश रोका जाएगा। इस दौरान यातायात को वैकल्पिक और डायवर्ट किए गए रास्तों से निकाला जाएगा।
जनकपुरी तिराहे से जुमेराती गेट तक रास्ता बंद
जुलूस के दौरान आजाद मार्केट तिराहे से जुमेराती गेट तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इसके अलावा चौक बाजार से लोहा बाजार होते हुए जुमेराती गेट की ओर जाने वाला मार्ग भी बंद रहेगा। इस रूट से गुजरने वाले वाहन चालकों को अन्य निर्धारित मार्गों का इस्तेमाल करना होगा।
सुल्तानिया रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित
सुल्तानिया रोड पर मोती मस्जिद से बुधवारा और बुधवारा से मोती मस्जिद की ओर भारी और मध्यम मालवाहक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
वैकल्पिक रास्ते:
- मोती मस्जिद से रेतघाट-गिन्नौरी मार्ग
- बुधवारा से गिन्नौरी-रेतघाट मार्ग
तलैया काली मंदिर पर सबसे बड़ा डायवर्जन
जुलूस के तलैया काली मंदिर पहुंचने के बाद ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया जाएगा। भारत टॉकीज से लिली टॉकीज होते हुए पुलिस कंट्रोल रूम तिराहे तक दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में जाने वाले वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं।
न्यू मार्केट और MP नगर जाने का रास्ता
भारत टॉकीज → पुल बोगदा → प्रभात चौराहा → सुभाष नगर ROB
रेलवे स्टेशन जाने के लिए
पुलिस कंट्रोल रूम → जेल मुख्यालय → कोर्ट चौराहा → मैदा मिल → सुभाष नगर ROB
रोशनपुरा से भारत टॉकीज जाने के लिए
लिंक रोड नंबर-1 → बोर्ड ऑफिस → DB मॉल → मैदा मिल → सुभाष नगर ROB → प्रभात चौराहा
भारत टॉकीज से रोशनपुरा जाने के लिए
पुल बोगदा → प्रभात चौराहा → सुभाष नगर ROB → MP नगर → बोर्ड ऑफिस → लिंक रोड नंबर-1
खटलापुरा मंदिर के पास अंतिम चरण में रास्ता बंद
जुलूस के अंतिम चरण में पुराने मछली घर तिराहे और PHQ तिराहे से खटलापुरा मंदिर जाने वाला मार्ग बंद रहेगा। इस दौरान वाहन चालक पुलिस कंट्रोल रूम तिराहे से गांधी पार्क मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे।
इन इलाकों में सबसे ज्यादा असर
डोल ग्यारस के जुलूस के चलते पुराना शहर, पीरगेट, इमामबाड़ा, जुमेराती, सुल्तानिया रोड, बुधवारा, तलैया, भारत टॉकीज और खटलापुरा मंदिर के आसपास यातायात सबसे ज्यादा प्रभावित रहने की संभावना है। पुलिस के अनुसार, जुलूस के आगे बढ़ने के साथ ही संबंधित मार्गों को चरणबद्ध तरीके से बंद और दोबारा खोला जाएगा। यातायात व्यवस्था सामान्य रखने और आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए पुलिस बल को तैनात किया जाएगा।