भोपाल/ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 19 अक्टूबर को ग्वालियर पहुंचे। उन्होंने यहां ट्रक हादसे में दिवंगत श्रद्धालुओं के निवास पर उनके परिजनों से भेंट की। सीएम डॉ. मोहन यादव ने शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिवंगतों के परिजनों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दिवंगतों के परिजनों को आर्थिक सहायता के रूप में चेक भी प्रदान किए।
दिवंगत श्रद्धालुओं के घर पहुंचे मुख्यमंत्री
इस मौके पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मैंने हादसे में गंभीर रूप से घायल लोगों से मुलाकात कर उनके बेहतर उपचार एवं समुचित चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, दिवंगत श्रद्धालुओं के परिजनों से भेंट कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। धार्मिक आयोजन के दौरान इस प्रकार की दुखद घटना अत्यंत पीड़ादायक है। दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
हादसे की विस्तृत जांच के आदेश
घटना की विस्तृत जांच कराई जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। हमारी कोशिश है कि भविष्य में इस प्रकार के हादसों की पुनरावृत्ति न हो।
इन दिवंगत श्रद्धालुओं के परिजनों से मिले CM
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिन दिवंगत श्रद्धालुओं के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं, उनमें शामिल हैं स्व. सतेन्द्र सिंह गुर्जर-महलगांव, स्व. सरला तोमर-गुड़ीगुड़ा का नाका, स्व. प्रिंस उर्फ छोटू जाटव- ठाठीपुर चौहान प्याऊ, स्व. हेमंत राठौर-शिवनगर गदाईपुरा, स्व. दिव्यांशु कुशवाह -महेशपुरा सिकन्दर कंपू, स्व. पवन राठौर-गदाईपुरा, स्व. लव त्यागी-गदाईपुरा, स्व. अमन त्यागी-गदाईपुरा और स्व. अशोक त्यागी-गदाईपुरा शामिल हैं।मुख्यमंत्री ने सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।