भोपाल: मध्यप्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर अधिकारियों की पदस्थापना में बदलाव किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से बुधवार को जारी आदेश के अनुसार, भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के तीन अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में भोपाल नगर निगम, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग और स्मार्ट सिटी भोपाल से जुड़ी जिम्मेदारियां शामिल हैं। IAS अक्षय कुमार तेम्रवाल को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग में अपर आयुक्त बनाया गया है, जबकि अभिषेक सराफ को अपर आयुक्त, नगर निगम भोपाल की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, अपर कलेक्टर सुमित कुमार पांडेय को स्मार्ट सिटी भोपाल के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) का प्रभार सौंपा गया है।

अक्षय कुमार तेम्रवाल बने अपर आयुक्त, नगरीय प्रशासन विभाग
सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के अनुसार, 2018 बैच के IAS अधिकारी अक्षय कुमार तेम्रवाल को अपर आयुक्त, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, भोपाल के पद पर पदस्थ किया गया है।वे इससे पहले भोपाल नगर निगम में अपर आयुक्त के पद पर कार्यरत थे। नई पदस्थापना के तहत अब वे नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे।
अभिषेक सराफ को मिली भोपाल नगर निगम की जिम्मेदारी
2020 बैच के IAS अधिकारी अभिषेक सराफ को अपर आयुक्त, नगर निगम भोपाल के पद पर पदस्थ किया गया है।वे अब तक अपर आयुक्त, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग में कार्यरत थे। नई जिम्मेदारी के तहत वे भोपाल नगर निगम के प्रशासनिक कार्यों से जुड़े दायित्व संभालेंगे।
सुमित कुमार पांडेय बने स्मार्ट सिटी भोपाल के CEO
भोपाल के अपर कलेक्टर और 2021 बैच के IAS अधिकारी सुमित कुमार पांडेय को मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), स्मार्ट सिटी भोपाल का प्रभार सौंपा गया है।
इसके साथ ही उन्हें अपर आयुक्त, नगर निगम भोपाल का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। यानी स्मार्ट सिटी की जिम्मेदारी के साथ वे नगर निगम भोपाल में अपर आयुक्त का अतिरिक्त दायित्व भी संभालेंगे।