भोपाल।मध्य प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य (MSP) पर धान, ज्वार और बाजरा बेचने के लिए किसानों का पंजीयन जारी है। अब तक 3 लाख 5 हजार 82 किसान पंजीयन करा चुके हैं। किसान 10 अक्टूबर 2026 तक अपना पंजीयन करा सकते हैं। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किसानों से निर्धारित समय सीमा में पंजीयन कराने की अपील की है।
1100 से ज्यादा पंजीयन केंद्र बनाए गए
सरकार ने किसानों के लिए पंजीयन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए प्रदेश में 1100 से अधिक पंजीयन केंद्र बनाए हैं। इन केंद्रों के जरिए किसान समर्थन मूल्य पर अपनी फसल बेचने के लिए पंजीयन करा सकते हैं। अब तक जबलपुर संभाग में 1 लाख 47 हजार 824, रीवा में 94 हजार 384, शहडोल में 21 हजार 456, नर्मदापुरम में 16 हजार 398, सागर में 16 हजार 155 और भोपाल संभाग में 8 हजार 599 किसानों ने पंजीयन कराया है।
यहां मुफ्त में करा सकते हैं पंजीयन
किसानों के लिए ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत और तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केंद्रों पर निःशुल्क पंजीयन की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा सहकारी समितियों और सहकारी विपणन संस्थाओं द्वारा संचालित पंजीयन केंद्रों पर भी किसान बिना शुल्क के पंजीयन करा सकते हैं।
इन केंद्रों पर देना होगा शुल्क
एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केंद्र और निजी साइबर कैफे के माध्यम से भी किसान पंजीयन करा सकते हैं। इन केंद्रों पर प्रति पंजीयन 50 रुपये से अधिक शुल्क नहीं लिया जा सकेगा। पंजीयन के दौरान भूमि संबंधी दस्तावेज, आधार कार्ड और अन्य फोटो पहचान पत्रों का परीक्षण किया जाएगा और संबंधित रिकॉर्ड रखा जाना अनिवार्य होगा।
सिकमी और बटाईदार किसानों के लिए अलग व्यवस्था
सिकमी, बटाईदार, कोटवार और वन पट्टाधारी किसानों के पंजीयन की सुविधा केवल सहकारी समिति एवं सहकारी विपणन संस्था द्वारा संचालित पंजीयन केंद्रों पर उपलब्ध होगी। इन श्रेणियों के किसानों का शत-प्रतिशत सत्यापन राजस्व विभाग द्वारा किया जाएगा।
आधार और बैंक खाते को लेकर जरूरी निर्देश
जिला कलेक्टरों को जिला और तहसील स्तर पर स्थापित आधार पंजीयन केंद्रों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसान इन केंद्रों पर अपना मोबाइल नंबर और बायोमेट्रिक अपडेट करा सकते हैं। इसके लिए पोस्ट ऑफिस में संचालित आधार सुविधा केंद्रों का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। किसानों के आधार नंबर को बैंक खाते से लिंक कराने के लिए बैंकों के साथ समन्वय किया जाएगा। आधार लिंक बैंक खाते के सत्यापन के लिए पंजीयन के दौरान ही मध्यप्रदेश राज्य आपूर्ति निगम द्वारा ई-उपार्जन/JIT पोर्टल के माध्यम से एक रुपये का ट्रांजेक्शन कराया जाएगा।
फसल बेचने के लिए आधार वेरिफिकेशन जरूरी
समर्थन मूल्य पर पंजीयन कराने और फसल बेचने के लिए आधार नंबर का वेरिफिकेशन अनिवार्य होगा। यह प्रक्रिया आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर प्राप्त OTP या बायोमेट्रिक डिवाइस के जरिए पूरी की जा सकेगी। किसान का पंजीयन तभी मान्य होगा, जब भू-अभिलेख के खाते और खसरे में दर्ज नाम का मिलान आधार कार्ड में दर्ज नाम से होगा। नाम में अंतर होने पर तहसील कार्यालय से सत्यापन कराया जाएगा। सत्यापन के बाद ही पंजीयन को मान्य किया जाएगा।
10 अक्टूबर तक करा लें पंजीयन
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते अपना पंजीयन करा लें, ताकि समर्थन मूल्य पर फसल बेचने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।