भोपाल: मध्यप्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय में पदस्थ अवर सचिव आशुतोष गोस्वामी का तबादला कर दिया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से बुधवार को जारी आदेश के अनुसार, उन्हें तत्काल प्रभाव से भोपाल नगर निगम में अपर आयुक्त के पद पर पदस्थ किया गया है। इसके साथ ही उन्हें भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड (BCLL) के मुख्य महाप्रबंधक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं, अलग-अलग आदेशों के तहत तीन IAS अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है।
सीएमओ में अवर सचिव आशुतोष गोस्वामी का तबादला
मुख्यमंत्री कार्यालय में अवर सचिव के पद पर कार्यरत आशुतोष गोस्वामी को भोपाल नगर निगम में अपर आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के मुताबिक, उनकी नई पदस्थापना तत्काल प्रभाव से लागू होगी।आशुतोष गोस्वामी राज्य प्रशासनिक सेवा के 2017 बैच के अधिकारी हैं। नगर निगम में अपर आयुक्त की जिम्मेदारी के साथ उन्हें भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड (BCLL) के मुख्य महाप्रबंधक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
तीन IAS अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव
आशुतोष गोस्वामी के तबादले के साथ ही मध्यप्रदेश शासन ने तीन IAS अधिकारियों की पदस्थापना में भी बदलाव किया है। इसमें नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, भोपाल नगर निगम और स्मार्ट सिटी भोपाल से जुड़े पद शामिल हैं।
अक्षय कुमार तेम्रवाल बने अपर आयुक्त, नगरीय प्रशासन विभाग
2018 बैच के IAS अधिकारी अक्षय कुमार तेम्रवाल को अपर आयुक्त, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, भोपाल के पद पर पदस्थ किया गया है। वे इससे पहले भोपाल नगर निगम में अपर आयुक्त के पद पर कार्यरत थे।
अभिषेक सराफ को भोपाल नगर निगम की जिम्मेदारी
2020 बैच के IAS अधिकारी अभिषेक सराफ को अपर आयुक्त, नगर निगम भोपाल के पद पर पदस्थ किया गया है। वे इससे पहले अपर आयुक्त, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग में कार्यरत थे।
सुमित कुमार पांडेय बने स्मार्ट सिटी भोपाल के CEO
भोपाल के अपर कलेक्टर और 2021 बैच के IAS अधिकारी सुमित कुमार पांडेय को मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), स्मार्ट सिटी भोपाल का प्रभार सौंपा गया है। इसके साथ ही वे अपर आयुक्त, नगर निगम भोपाल का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।