इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। राहुल गांधी शनिवार को इंदौर पहुंचे, जहां वे छात्रों के कार्यक्रम में शामिल होने के साथ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी संवाद करेंगे। उनके दौरे को लेकर बीजेपी नेताओं की प्रतिक्रिया भी सामने आने लगी है। मध्य प्रदेश के मंत्री राकेश सिंह ने राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘बालबुद्धि’ नेतृत्व बताया। उन्होंने कहा कि जो लोग देश की संस्कृति को नहीं जानते, वे देश के भविष्य के बारे में क्या विचार रखेंगे।
मंत्री राकेश सिंह ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
छिंदवाड़ा में मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री राकेश सिंह ने राहुल गांधी के छात्रों के बीच पहुंचने को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पहले भी छात्रों के बीच जाने का प्रयास कर चुके हैं और अब एक बार फिर युवाओं के बीच जा रहे हैं। राकेश सिंह ने कांग्रेस नेतृत्व की दिशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो देश की संस्कृति को नहीं जानते, वे देश के भविष्य के बारे में क्या बताएंगे। उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि छात्रों के बीच जाने से उन्हें निराशा ही हाथ लगेगी।
इंदौर एयरपोर्ट पहुंचे राहुल गांधी
राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शनिवार को इंदौर पहुंचे। एयरपोर्ट पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और पूर्व राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष शोभा ओझा समेत पार्टी के नेता मौजूद रहे। एयरपोर्ट से राहुल गांधी सीधे रेडिसन होटल के लिए रवाना हुए। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से भी उनका स्वागत किया गया।
रेडिसन होटल में करीब 3 घंटे कांग्रेस नेताओं से संवाद
इंदौर पहुंचने के बाद राहुल गांधी रेडिसन होटल में करीब तीन घंटे रुकेंगे। यहां कांग्रेस के नेताओं के साथ उनकी बैठक प्रस्तावित है। बैठक में पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी के सदस्यों, विधायकों और मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों के कांग्रेस अध्यक्षों के शामिल होने की जानकारी है। इस दौरान प्रदेश में पार्टी की गतिविधियों और संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। होटल में सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। अंदर प्रवेश के लिए चुनिंदा कांग्रेस नेताओं को ही अनुमति दी गई है।
छात्रों के बीच कार्यक्रम में शामिल होंगे राहुल गांधी
रेडिसन होटल में पार्टी नेताओं के साथ संवाद के बाद राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में छात्रों से बातचीत और उनके सवालों पर चर्चा प्रस्तावित है। राहुल गांधी के इंदौर दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है, वहीं बीजेपी नेताओं की ओर से उनके कार्यक्रम और नेतृत्व को लेकर लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इससे राहुल गांधी का यह दौरा मध्य प्रदेश की सियासत में चर्चा का विषय बना हुआ है।