भाजपा सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न समेत कई आरोपों की जांच चल रही है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर उनकी गिरफ्तारी को लेकर पहलवान लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, बृजभूषण ने हमेशा अपने ऊपर लगे आरोपों का खंडन किया है। यही नहीं उन्होंने पहलवानों को नार्को टेस्ट की चुनौती भी दी है। बृजभूषण ने अब एक बार फिर पहलवानों को चुनौती दी है और उनके खिलाफ कुछ सवाल खड़े किए हैं।
कहानी पर कहानी चलाई जा रही है- बृजभूषण शरण सिंह
भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने खुद पर लगे आरोपों का हवाला देते हुए कहा की, “मैंने पहले दिन ही कहा था कि कब हुआ, कहां हुआ, किसके साथ, क्या हुआ? चार माह बाद भी यह लोग इस बात को बता नहीं पा रहे हैं। मेरे ऊपर ‘बैड टच’ का आरोप है। लेकिन जैसे आपने मुझे माला पहनाई और आपका हाथ शरीर में लग जाए। कुछ इसी तरह की बात पर यह लोग मेरे लिए फांसी चाहते हैं। इनके पास कोई ऑडियो, वीडियो व कोई रिकॉर्डिंग नहीं है। बस कहानी पर कहानी चलाई जा रही है। उनको पता होना चाहिए कि पूरा देश आज आक्रोश में है। सभी जाति व धर्म के लोग मेरे साथ खड़े हैं।“
‘राजनीति का खिलौना बन गए हैं पहलवान’
बृजभूषण शरण सिंह ने 5 जून को अयोध्या में एक बड़ी रैली की तैयारी के तहत गोंडा की मनकापुर तहसील के कोल्हार गांव में एक जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान यह बात कही। उन्होंने इस दौरान कहा कि “मैं खुद नहीं समझ पा रहा हूं कि जिन बच्चों को कामयाब बनाने के लिए मैंने अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया, आज वही बच्चे राजनीति का खिलौना बन गए हैं।“
विनेश फोगाट ने नार्को टेस्ट चैलेंज को किया था स्वीकार
बृजभूषण शरण सिंह अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट में पहले भी पहलवानों को नार्को टेस्ट की चुनौती दे चुके हैं। उन्होंने कहा, कि अगर विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया भी टेस्ट लेंगे तो वह भी नार्को टेस्ट कराने को तैयार हैं। विनेश फोगाट ने भी इस चुनौती को स्वीकार करते हुए कहा कि सिर्फ वह ही नहीं, बल्कि सभी महिला पहलवान इसके लिए तैयार हैं।
Written By: Tisha Gupta