Ratan Lal Kataria : हरियाणा के अंबाला से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद रतन लाल कटारिया (Ratan Lal Kataria) का गुरुवार को निधन हो गया। कटारिया की उम्र 72 साल थी। मिली जानकारी के अनुसार, तीन बार के बीजेपी सांसद को पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
भाजपा सांसद के निधन की जानकारी मिलते ही हरियाणा के मुख्यमंत्री एमएल खट्टर कटारिया के आवास पर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री की तरफ से ट्विटर पर शोक संदेश लिखा गया।
हमेशा संसद में आवाज उठाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं अंबाला से सांसद रतन लाल कटारिया के निधन से मन बहुत दुःखी है। समाज के हित और हरियाणा के लोगों की उन्नति के लिए उन्होंने हमेशा संसद में आवाज उठाई। उनका चले जाना राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और परिवार को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करें।
मुख्यमंत्री खट्टर ने दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री खट्टर ने अंबाला सांसद रतन लाल कटारिया के आवास पर पहुंच कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। बता दें कि रतन लाल कटारिया ने 7 जुलाई, 2021 तक जल शक्ति मंत्रालय और सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में कार्य किया। वे बीजेपी के उम्मीदवार के रूप में अंबाला से 16वीं लोकसभा के लिए चुने गए, उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार राजकुमार बाल्मीकि को हराया था। इससे पहले, वह भाजपा के उम्मीदवार के रूप में अंबाला से 13वीं लोकसभा के लिए चुने गए थे।
Comments (0)