भारत चार साल की अवधि के लिए संयुक्त राष्ट्र सांख्यिकी आयोग के लिए चुना गया है (UN Statistical Commission)। भारत ने मतदान में तीन देशों को पछाड़ कर यह उपलब्धि हासिल की है। भारत ने 53 में से 46 वोट हासिल कर इस चुनाव में जीत दर्ज की है। जबकि कोरिया गणराज्य को 23 वोट, चीन को 19 वोट और संयुक्त अरब अमीरात को 15 वोट मिले।
विदेश मंत्री ने ट्विट कर दी जानकारी
बुधवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ट्विट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि, "भारत 1 जनवरी 2024 से शुरू होने वाले 4 साल के कार्यकाल के लिए संयुक्त राष्ट्र के सर्वोच्च सांख्यिकीय निकाय के लिए चुना गया है। एक प्रतिस्पर्धी चुनाव में इतनी मजबूती से आने के लिए पूरी टीम को बधाई। सांख्यिकी, विविधता और जनसांख्यिकी के क्षेत्र में भारत की विशेषज्ञता ने भारत को संयुक्त राष्ट्र सांख्यिकी आयोग में स्थान दिलाया है।”
आपको बता दें कि भारत को गुप्त मतदान के जरिये चुना गया है। जबकि अर्जेंटीना, सिएरा लियोन, स्लोवेनिया, यूक्रेन, यूनाइटेड रिपब्लिक ऑफ तंजानिया और अमेरिका को मौखिक मतदान (बगैर मतपत्र) के चुना गया है।
क्या है UN Statistical Commission
1947 में स्थापित संयुक्त राष्ट्र सांख्यिकी आयोग वैश्विक सांख्यिकीय प्रणाली का सर्वोच्च निकाय है। जो दुनिया भर के सदस्य राज्यों के मुख्य सांख्यिकीविदों को एक साथ लाता है। यह अंतर्राष्ट्रीय सांख्यिकीय गतिविधियों के लिए सर्वोच्च निर्णय लेने वाली बॉडी है। इस निकाय में संयुक्त राष्ट्र के 24 सदस्य देश शामिल हैं, जिन्हें एक समान भौगोलिक वितरण के आधार पर यूएन इकोनॉमिक और सोशल काउंसिल की ओर से चुना जाता है।
बता दें कि इसमें पांच सदस्य अफ्रीकी राज्यों से, चार एशिया-प्रशांत राज्यों से, चार पूर्वी यूरोपीय राज्यों से, चार लैटिन अमेरिकी और कैरिबियन राज्यों से और सात सदस्य पश्चिमी यूरोपीय और अन्य राज्यों से हैं।
राष्ट्रपति Droupadi Murmu आज से तीन दिवसीय असम दौरे पर, गज उत्सव का करेंगी उद्घाटन
Comments (0)