15वीं राजस्थान विधान सभा के पुन: आरम्भ हो रहे 8वें सत्र में शुक्रवार 14 जुलाई को प्रात: 11:00 बजे विधान सभा के सदन में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का विशेष सम्बोधन होगा। यह पहली बार होगा कि राष्ट्रपति राजस्थान विधानसभा को संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति के विधानसभा आगमन की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। इसके लिए विधानसभा भवन को भव्य रूप से सजाया गया है।
राष्ट्रपति सुबह 10:50 बजे विधानसभा पहुंचेंगी
राष्ट्रपति मुर्मू राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (राजस्थान शाखा) के तत्वावधान में राजस्थान विधानसभा की तरफ से आयोजित समारोह को संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति सुबह 10:50 बजे विधानसभा पहुंचेंगी। विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर सीपी जोशी स्वागत उद्बोधन देंगे। राष्ट्रपति का दिन में सीकर में खाटू श्याम जी मंदिर जाने का भी कार्यक्रम है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का विशेष संबोधन होगा
विधानसभा के प्रमुख सचिव महावीर प्रसाद शर्मा ने बताया कि 15वीं राजस्थान विधानसभा के फिर शुरू हो रहे आठवें सत्र में शुक्रवार यानी 14 जुलाई को पूर्वाह्न 11 बजे विधानसभा के सदन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का विशेष संबोधन होगा। वहीं विधानसभा अध्यक्ष डॉ सीपी जोशी के अनुसार, राजस्थान विधानसभा में राष्ट्रपति का संबोधन पहली बार हो रहा हैं। उन्होंने कहा कि यह सदन के लिए गौरवशाली और ऐतिहासिक पल होगा।
विधानसभा भवन में भव्य रोशनी
राष्ट्रपति के स्वागत के लिए विधानसभा भवन में भव्य रोशनी की जा रही है। इस मौके पर राज्यपाल कलराज मिश्र, विधायक और कई गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे। शर्मा ने बताया कि राष्ट्रपति के विधानसभा आगमन की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। विभिन्न बैठकों में अधिकारियों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन से संबंधित तैयारियों और प्रोटोकॉल का खास ख्याल रखने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
Read More: हमीदिया अस्पताल में घुटना एवं कूल्हे के प्रत्यारोपण हेतु रोबोट की होगी स्थापना- मंत्री विश्वास कैलाश सारंग
Comments (0)