लोकसभा चुनाव से पहले सत्ता पक्ष और विपक्ष ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बेंगलुरु में जहां 17 और 18 जुलाई को विपक्षी दलों की बैठक होने जा रही है, वहीं 18 को राजधानी दिल्ली में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की बैठक बुलाई गई है। बैठक में भाजपा के पुराने साथियों के साथ ही कुछ नए दलों को भी न्योता दिया गया है।
इस बीच, यूपी में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर के एनडीए में शामिल होने की पुष्टि हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार सुबह ट्वीट कर बताया, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन में शामिल होने का फैसला किया है। मैं एनडीए परिवार में उनका स्वागत करता हूं।
भाजपा में शामिल होंगे दारा सिंह चौहान
इस बीच, घोसी के सपा विधायक दारा सिंह चौहान भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने इस्तीफा दे दिया है। दारा सिंह चौहान की पहचान पिछड़े समाज के बड़े नेताओं में की जाती है। वे यूपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री है।
अब माना जा रहा है कि 18 जुलाई को दिल्ली में होने वाली एनडीए की बैठक में दारा सिंह चौहान हिस्सा लेंगे और उसी दौरान औपचारिक रूप से भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
माना जा रहा है कि वे घोसी से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। दारा सिंह ने बीते छह माह से मऊ से लेकर लखनऊ तक सपा के कार्यक्रमों से दूरी बना ली थी।
भाजपा का चिराग और मांझी को न्योता
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सहयोगी दलों को पत्र लिखकर आमंत्रित किया है। नड्डा ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के जीतन राम मांझी, शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के सुखदेव सिंह ढींडसा समेत विभिन्न नेताओं को पत्र लिखा है।
एनडीए में लौटे ये पुराने साथी
उद्धव ठाकरे की शिवसेना, शिरोमणि अकाली दल और जदयू सहित कई पुराने सहयोगी दल NDA से नाता तोड़ चुके हैं।
बैठक में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता वाली शिवसेना, अजित पवार की अध्यक्षता वाला राकांपा गुट का शामिल होने तय माना जा रहा है।
साथ ही बिहार और उप्र के छोटे दलों तथा पूर्वोत्तर राज्यों के क्षेत्रीय दलों सहित कई नए सहयोगियों के शामिल होने की उम्मीद है।
हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा की ओर से पार्टी संस्थापक जीतन राम मांझी और राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन बैठक में शामिल होंगे।
टीडीपी के करीबी रहे जन सेना प्रमुख पवन कल्याण भी बैठक में शामिल होंगे। उनका आंध्र प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में प्रभाव है।
पंजाब में शिरोमणि अकाली दल (शिअद) को न्योता नहीं दिया गया है, बल्कि उससे अलग हुए सुखदेव सिंह ढींडसा को बुलाया गया है।
उप्र में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के भी राजग में शामिल होने की घोषणा हो गई है।
Comments (0)