अयोध्या में राममंदिर बनाने और जम्मू कश्मीर को अनुच्छेद 370 से अलग करने के बाद अब बीजेपी की अंतिम बची घोषणा समान नागरिक संहिता के लिए समर्थन जुटाने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को जोधपुर जिले के बालेसर पहुंचे। राजनाथ सिंह ने कहा कि, एक देश एक विधान होगा।
किसी को भी 3-4 शादियां करने की इजाजत नहीं
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस दौरान कहा कि, पूरे देश में एक समान कानून लागू होगा। किसी को भी तीन-चार शादी करने की इजाजत नहीं दी जा सकती। कोई भी तीन तलाक बोलकर महिला की छुट्टी नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि, केंद्र की मोदी सरकार महिलाओं की गरिमा और सम्मान की पक्षधर है।
राजनाथ सिंह ने गिनाई मोदी सरकार की उपलब्धियां
बीजेपी के दिग्गज नेता राजनाथ सिंह ने बालेसर की जनता से समान नागरिक संहिता के संबंध में समर्थन मांगा और जनता ने हाथ खड़े करके जवाब दिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार नौ साल की उपलब्धियां गिनाई। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने के मौके पर उनकी उपलब्धियों को जनता के सामने रखा। बिजली,पानी, मकान, देश की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था, सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर उन्होंने जनता को संबोधित किया।
पीएम मोदी केवल संहिता को देश में लागू करने जा रहे हैं
केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने इस संबोधन में कहा समान नागरिक संहिता संविधान के नीति निर्देशक तत्व में उल्लेखित है। संविधान निर्माण के समय संविधान सभा में जवाहरलाल नेहरू, सरदार पटेल और डॉ.भीमराव अंबेडकर भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल संहिता को देशभर में लागू करने जा रहे हैं।
Comments (0)