कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने लोकसभा में पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी को निलंबित किए जाने को अलोकतांत्रिक और दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि, यह सत्ता के अहंकार को दर्शाता है। खड़गे ने आरोप लगाते हुए कहा कि, पीएम मोदी ने सदन का उपयोग चुनावी रैली के लिए किया है।
धन्यवाद पीएम जी, आख़िरकार आपने मणिपुर हिंसा पर सदन में अपनी बात रखी
कांग्रेस अध्यक्ष ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘धन्यवाद प्रधानमंत्री जी, आख़िरकार आपने मणिपुर हिंसा पर सदन में अपनी बात रखी। हमें भरोसा है कि, मणिपुर में शांति बहाली की गति तेज़ होगी, राहत शिविरों से लोग अपने घरों को लौटेंगे। उनका पुनर्वास होगा, उनके साथ इंसाफ होगा। उन्होंने आगे कहा कि, आपने अगर अपना राजहठ और अहंकार पहले त्याग दिया होता तो संसद का कीमती समय बचता। अहम विधेयक अच्छी चर्चा के साथ पारित होते।
सदन का उपयोग भी आपने चुनावी रैली के रूप में किया
मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगे कहा कि, हमें तकलीफ है कि, मणिपुर हिंसा जैसे अभूतपूर्व मुद्दे पर विपक्ष को अविश्वास प्रस्ताव जैसे संसदीय हथियार का उपयोग करना पड़ा, लेकिन सदन का उपयोग भी आपने चुनावी रैली के रूप में किया। उन्होंने कहा कि, आखिरी दौर में लोकसभा में कांग्रेस के सीनियर नेता अधीर रंजन चौधरी का निलंबन किया गया जो बेहद अलोकतांत्रिक और दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि, ये सत्ता के अहंकार और दुर्भावना को दर्शाता है। ये परंपरा संविधान और संसदीय लोकतंत्र दोनों के लिए बहुत घातक सिद्ध होगी। हम इसकी घोर निंदा करते हैं।
अधीर रंजन चौधरी को सदन से निलंबित कर दिया गया
आपको बता दें कि, कल यानी की गुरुवार को लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर हुई चर्चा के दौरान कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा पीएम मोदी को लेकर की गई कुछ टिप्पणियों और उनके आचरण के कारण उन्हें सदन से निलंबित कर दिया गया। इसके साथ ही कांग्रेस नेता के खिलाफ इस मामले को जांच के लिए विशेषाधिकार समिति के पास भेज दिया गया।
Comments (0)