New Delhi: उत्तर भारत में भीषण गर्मी पड़ी रही है। वहीं, पहाड़ों में मंगलवार दोपहर बाद वर्षा होने से गर्मी से कुछ राहत मिली है, लेकिन कांगड़ा, मंडी व शिमला में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ है। बारालाचा, शिंकुला व रोहतांग दर्रे में बर्फ के फाहे गिरे। हिमपात-वर्षा से कुल्लू व लाहुल स्पीति में मौसम एक बार फिर ठंडा हो गया है। उत्तराखंड में भी पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम करवट बदलने लगा है।
इन राज्यों में हो सकती है ओलावृष्टि
केदारनाथ में हल्की वर्षा-बर्फबारी हुई और निचले इलाकों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की सूचना है। दून में भी देर शाम आंशिक बादल मंडराने लगे। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, प्रदेश में बुधवार को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि हो सकती है।
दिल्ली में तापमान 46 डिग्री के पार
दिल्ली में लोगों को लगातार तीसरे दिन मंगलवार को भी झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ा। दिनभर खिली तेज धूप के कारण सात जगह पर लू भी चली, लेकिन देर शाम धूल भरी हवा चलने से भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण बुधवार से अगले चार-पांच दिन तक मौसम का रुख बदला रहेगा।
राजस्थान में चली आंधी
राजस्थान के ऊपर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसके कारण अलवर, दौसा और हनुमानगढ़ जिलें में बारिश हुई। कई जगह ओले भी पड़े। बारिश के साथ आई आंधी के कारण कई जगह पोल गिर गए तो कई जगह टीनशेड हिल गई। बारिश और ओले के कारण लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। इससे तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
तीन दिन के लिए जारी हुआ येलो अलर्ट
तीन दिन के लिए यलो अलर्ट भी जारी कर दिया गया है। मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा 43.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान इस सीजन का सर्वाधिक रहा। नजफगढ़ में तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे यह इलाका सबसे गर्म रहा।
बिहार में भारी बारिश की संभावना
मंगलवार की सुबह तेज हवा के साथ हुई हल्की वर्षा से मौसम का मिजाज एकदम बदल गया है। अधिकतम तापमान छह डिग्री नीचे आ गया। इससे गर्मी से झुलस रहे लोगों को राहत मिली। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार एक चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र बिहार व इसके आसपास बना हुआ है। वहीं एक ट्रफ बिहार से छत्तीसगढ़ होते हुए गुजर रही है। इनके प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी चंपारण, अररिया, किशनगंज में मेघ गर्जन के साथ भारी वर्षा की संभावना है। वही पटना समेत प्रदेश के एक या दो स्थानों पर आंधी-वर्षा की चेतावनी है।
उत्तर प्रदेश मौसम की जानकारी
बुधवार को बदली छाई रहेगी। बूंदाबांदी की संभावना है। आचार्य नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। हवा अधिकतम 43 व न्यूनतम 11 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलने की संभावना है। आंधी के साथ वर्षा होने का अनुमान है। मौसम रोजाना की अपेक्षा ठंडा रहेगा। अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहने के आसार हैं, बारिश की संभावना है। मंगलवार सुबह हल्की बारिश के बाद दिनभर तेज धूप का असर रहा। शाम ढलने के बाद भी मौसम ठंडा रहेगा।
Written By- Payal Trivedi
Comments (0)