भाजपा ने कहा कि राहुल गांधी की कोई विश्वसनीयता नहीं है, लेकिन निर्वाचन आयोग की है क्योंकि उच्चतम न्यायालय ने भी निष्पक्ष चुनाव कराने के उसके प्रयासों को अपने विभिन्न फैसलों में सराहा है। भाजपा ने बिहार विधानसभा चुनावों के लिए अंतिम मतदाता सूची में विसंगतियां होने का आरोप लगाने को लेकर कांग्रेस की आलोचना करते हुए यह बात कही।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस तरह के आरोप-प्रत्यारोप में इसलिए लगी हुई है कि उसके नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के तेजस्वी यादव, दोनों जानते हैं कि बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव में उनके गठबंधन को हार का सामना करना पड़ेगा।
बिहार की अंतिम मतदाता सूची में कई अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने शनिवार को दावा किया कि हटाए गए मतदाताओं के नाम की संख्या कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में पिछले विधानसभा चुनावों के जीत के अंतर से भी अधिक है। विपक्षी दल ने यह भी आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग सत्तारूढ़ दल के हाथों की कठपुतली है और उसने भाजपा तथा उसके सहयोगियों को राजनीतिक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से बिहार के लिए मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) किया है। भाटिया ने कहा, ‘‘आरोप कौन लगा रहा है? यह राहुल गांधी हैं, जिन्होंने गलत बयान देने और शीर्ष अदालत के बारे में झूठ बोलने के लिए उच्चतम न्यायालय में माफी मांगी थी।''
Comments (0)