राज्यसभा में 'दिल्ली सर्विस बिल' पर चर्चा के दौरान भारतीय जनता पार्टी के सांसद अनिल जैन ने दिल्ली की केजरीवाल सरकार पर एक के बाद एक कई हमले किए। बीजेपी सांसद ने कहा कि, आम आदमी पार्टी के डेढ़ दर्जन से अधिक बड़े नेता, मंत्री और विधायक जेल जा चुके हैं। इनके शिक्षा मंत्री शराब घोटाला में जेल में हैं। इसके अलावा कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने भी सीएम केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा है।
BJP ने जेल जाने वाले AAP नेताओं के गिनाए नाम
भारतीय जनता पार्टी के सांसद अनिल जैन ने बहस के दौरान कहा कि, इनके (केजरीवाल) स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन मनी लॉन्ड्रिंग के अपराध में जेल में हैं। इनके मंत्री संदीप कुमार राशन के बदले रेप के अपराध में जेल गए। लॉ की फर्जी डिग्री के मामले में इनके कानून मंत्री जितेंद्र तोमर भी जेल जा चुके हैं। उन्होंने आगे निशाना साधते हुए कहा कि, एक अन्य मंत्री असीम अहमद खान बिल्डर से रिश्वत लेने के मामले में जेल गए थे। मंत्री सोमनाथ भारती घरेलू हिंसा के आरोप में जेल गए। वक्फ बोर्ड में घोटाले के आरोप में विधायक अमानुल्लाह जेल गए। विधायक प्रकाश जारवाल, विजय नायर जेल गए। उन्होंने कहा कि कितने नाम गिनाएं। यहां भ्रष्टाचारियों की लंबी फौज है।
अब अधिकारियों पर केजरीवाल का डर खत्म हो गया
वहीं बीजेपी सांसद प्रवेश साहिब सिंह ने राज्यसभा में पास हुए दिल्ली सेवा विधेयक पर बहस के दौरान कहा कि, मैं दिल्ली के लोगों को बधाई देता हूं, क्योंकि यह उनकी जीत है। अब अधिकारियों पर अरविंद केजरीवाल का डर खत्म हो गया है। इसके साथ ही पूर्व सीएम शीला दीक्षित के बेटे और कांग्रेस सांसद संदीप दीक्षित ने कहा कि, मुझे उम्मीद है कि, अब अरविंद केजरीवाल दिल्ली के लिए काम करेंगे, सिर्फ अनावश्यक बयान नहीं देंगे।
Comments (0)