प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अहमदाबाद फ्लावर शो की खूब तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन शहर की जीवंतता और प्रकृति के प्रति प्रेम को खूबसूरती से दर्शाता है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि अहमदाबाद फ्लावर शो रचनात्मकता, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक भागीदारी को एक साथ प्रस्तुत करता है। उन्होंने यह भी कहा कि फ्लावर शो हर साल आकार और कल्पनाशीलता में बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री की प्रतिक्रिया गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के उस पोस्ट पर आई, जिसमें उन्होंने फ्लावर शो की तस्वीरें साझा की थीं। मुख्यमंत्री ने लिखा था कि अहमदाबाद फ्लावर शो में इस साल दो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए गए, जो सभी के लिए गर्व की बात है।
विश्व का सबसे बड़ा फ्लावर मंडला
इस साल फ्लावर शो में विश्व का सबसे बड़ा फ्लावर मंडला और सरदार वल्लभभाई पटेल का विश्व का सबसे बड़ा फ्लावर पोर्ट्रेट शामिल हैं। इससे पहले, वर्ष 2024 में विश्व का सबसे लंबा फ्लावर स्ट्रक्चर और वर्ष 2025 में विश्व का सबसे बड़ा फ्लावर बुके बनाकर अहमदाबाद फ्लावर शो ने लगातार तीन वर्षों तक वर्ल्ड रिकॉर्ड की हैट्रिक दर्ज की थी।
अहमदाबाद फ्लावर शो: सांस्कृतिक और राष्ट्रीय पहचान का उत्सव
सीएम भूपेंद्र पटेल ने कहा कि यह फ्लावर शो वर्ल्ड हेरिटेज सिटी अहमदाबाद को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिला रहा है। उन्होंने इसे केवल पुष्पों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय एकता और आधुनिक भारत की रचनात्मक शक्ति का भव्य उत्सव बताया।
Comments (0)