शिमला: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही भ्रामक पोस्टों और खबरों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके नाम से इस तरह की खबरें फैलाने से बचना चाहिए। अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा में पद से ज्यादा कार्यकर्ता का भाव महत्वपूर्ण है और वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन को पूरा करने के लिए समर्पित हैं।
भ्रामक पोस्ट करने वालों को अनुराग ठाकुर की नसीहत
भाजपा के सिपाही के रूप में कार्यकर्ताओं से देश और प्रदेश के हित में कार्य करें ऐसी अपेक्षा रहती है, मगर यह देखना दुखद है कि कई लोग इंटरनेट मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करने व अनर्गल खबर चलाने का काम कर रहे हैं।उन्होंने ऐसे लोगों से पार्टी की विचारधारा और अनुशासन का पालन करने की अपील की। साथ ही कहा कि उनके बारे में व्यक्तिगत रूप से भ्रामक पोस्ट करने और अनर्गल खबरें चलाने से बचना चाहिए, क्योंकि यह न तो पार्टी के हित में है और न ही उनके अपने हित में।
जनता ने लगातार 5वीं बार लोकसभा भेजा
भाजपा सांसद ने अपने राजनीतिक सफर और हमीरपुर की जनता के विश्वास का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह भाजपा कार्यकर्ता के रूप में अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने में विश्वास रखते हैं।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की जनता ने लगातार पांचवीं बार उन्हें भारी विश्वास के साथ लोकसभा में अपनी आवाज उठाने का अवसर दिया है। उन्होंने जनता के इस भरोसे के प्रति आभार जताते हुए अपने कर्तव्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।
भ्रामक खबरें फैलाने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
अनुराग सिंह ठाकुर ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उनके नाम से किसी भी तरह की भ्रामक खबर पोस्ट करने या फैलाने वालों को चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि लोग ऐसी खबरें प्रसारित करने से बचें, अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों से आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को मजबूत करने तथा प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने के लिए मिलकर काम करने की अपील की।