नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता आशुतोष रांका और सौरव दास की न्यायिक हिरासत दो दिन के लिए बढ़ा दी गई है। दोनों नेता 14 अक्टूबर 2026 से तिहाड़ जेल में बंद हैं। मामले की अगली सुनवाई 21 अक्टूबर को होनी है। दिल्ली पुलिस ने दोनों को 13 अक्टूबर को हिरासत में लिया था। इसके बाद 14 अक्टूबर को उन्हें स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (SEM) के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया था।
दोनों नेताओं पर प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किए जा चुके जंतर-मंतर पर बिना अनुमति प्रवेश करने और विरोध-प्रदर्शन करने का प्रयास करने का आरोप है। हिरासत की अवधि बढ़ाए जाने के बाद दोनों को वापस तिहाड़ जेल भेज दिया गया। अब उन्हें बुधवार को दोबारा पेश किया जाएगा।
आशुतोष रांका और सौरव दास की हिरासत क्यों बढ़ी?
जानकारी के मुताबिक, दोनों नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बाद जमानत की प्रक्रिया में परेशानी आई थी। बताया गया कि जिस दिन उन्हें पकड़ा गया, उस समय जमानत देने वाले लोग मौजूद नहीं थे। इसके बाद CJP की कानूनी टीम ने स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के सामने जमानत से जुड़े जरूरी दस्तावेज और जमानतदार पेश कर उनकी रिहाई की मांग की।हालांकि, फिलहाल दोनों की न्यायिक हिरासत दो दिन और बढ़ा दी गई है। मामले में आगे की कार्रवाई अगली सुनवाई के दौरान होगी।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का आरोप
दिल्ली पुलिस ने आशुतोष रांका और सौरव दास को 13 अक्टूबर 2026 को हिरासत में लिया था। आरोप है कि दोनों ने प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किए जा चुके जंतर-मंतर पर बिना अनुमति प्रवेश करने और विरोध-प्रदर्शन करने की कोशिश की थी।दोनों को मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन में स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। इसके बाद उन्हें तिहाड़ जेल भेज दिया गया। अब उनकी रिहाई और हिरासत को लेकर कानूनी प्रक्रिया जारी है।
दूसरी ओर, कॉकरोच जनता पार्टी का कहना है कि सौरव दास और आशुतोष रांका जंतर-मंतर पर केवल राष्ट्रध्वज फहराने और नारे लगाने गए थे। पार्टी ने पुलिस और प्रशासन पर सुनवाई में देरी कर दोनों नेताओं की रिहाई रोकने का आरोप लगाया है।
CJP नेता अभिजीत दीपके के मुताबिक, प्रशासन के पास दोनों नेताओं को जेल में रखने की कोई कानूनी वजह नहीं है। वहीं, पार्टी की लीगल हेड रत्ना सिंह ने भी आरोप लगाया कि दोपहर में होने वाली सुनवाई को पुलिस और अधिकारियों ने कई घंटों तक टाला।
अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर लिखा भावुक संदेश
दोनों नेताओं की न्यायिक हिरासत बढ़ाए जाने से कुछ समय पहले CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर उनके लिए एक भावुक संदेश साझा किया।उन्होंने लिखा कि दोनों का जेल में छठा दिन है और उन्हें उनकी बहुत याद आ रही है। दीपके ने अपने संदेश में पिछले तीन महीनों के दौरान दोनों नेताओं की लगातार आने वाली कॉल और संदेशों का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि वे अक्सर उनकी कॉल को अनदेखा कर देते थे या बाद में बात करने के लिए टाल देते थे, क्योंकि उन्हें भरोसा था कि दोनों उनके बिना भी अपनी परेशानियां संभाल लेंगे।
21 अक्टूबर को होगी अगली सुनवाई
आशुतोष रांका और सौरव दास की न्यायिक हिरासत दो दिन बढ़ाए जाने के बाद अब मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पर नजर रहेगी। अगली सुनवाई 21 अक्टूबर को निर्धारित बताई गई है। दोनों नेताओं की जमानत और रिहाई को लेकर आगे क्या फैसला होता है, यह न्यायिक कार्यवाही के बाद स्पष्ट होगा।