New Delhi: भारत में कोरोना वायरस (Covid-19 Restrictions) के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। जिसके चलते केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ शुक्रवार को एक बैठक की थी। इस दौरान उन्होंने राज्यों से कोविड-19 प्रबंधन को लेकर पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया था।
हरियाणा में जारी किए गए ये जरूरी निर्देश
अब राज्य सरकारों ने केंद्र से मिले निर्देशों के बाद अपने यहां सख्ती बढ़ानी शुरू कर दी है। हरियाणा सरकार ने एहतियात के तौर पर सार्वजनिक स्थानों पर फेस मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने जनता से कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है। उन्होंने जिला प्रशासन को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि गाइडलाइन को राज्य के सभी हिस्सों में लागू किया जाए।
केरल में हुआ मास्क अनिवार्य
इसके अलावा केरल में भी मास्क (Covid-19 Restrictions) को अनिवार्य कर दिया गया है। यहां गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य बीमारियों वाले लोगों के लिए भी मास्क अनिवार्य कर दिया है। केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने राज्य में कोविड-19 की स्थिति का मूल्यांकन करने के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित करने के बाद निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से संबंधित मौतें ज्यादातर 60 साल से ऊपर के लोगों और अन्य बीमारियां जैसे मधुमेह से पीड़ित लोगों की होती हैं।
पुडुचेरी में भी कर्मचारियों को मास्क पहनना होगा
वहीं, पुडुचेरी प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। एक बयान में कहा गया है कि अस्पतालों, होटलों, रेस्तरां, शराब की दुकानों, सरकारी कार्यालयों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से मास्क पहनना होगा।
यूपी में एयरपोर्ट पर सख्ती
साथ ही राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश में भी कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार निर्देश जारी किए हैं, जिसमें अधिकारियों को सभी हवाई अड्डों पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। सरकारी आदेश में कहा गया है कि सभी सैंपल को जांच के लिए भेजा जाए।
दिल्ली में टेस्टिंग बढ़ाने के निर्देश
वहीं, दिल्ली में भी अस्पतालों, पॉलीक्लिनिक और डिस्पेंसरियों को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने टेस्टिंग बढ़ाने का निर्देश दिया है। चिकित्सा विशेषज्ञों का कहना है कि वायरस का नया XBB.1.16 संस्करण राष्ट्रीय राजधानी में बढ़ते केसों का कारण बना है। हालांकि, उन्होंने कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है और लोगों को कोविड-19 निर्देशों का पालन करना चाहिए और टीकों के बूस्टर शॉट लेने चाहिए।
Read More- Amul vs Nandini: कर्नाटक में अमूल को लेकर गर्माई सियासत, भाजपा और विपक्ष में घमासान
Comments (0)