नई दिल्ली: देशभर के युवाओं और जेन-जी (Gen-Z) को एकजुट कर NEET परीक्षा धांधली के खिलाफ बड़ा आंदोलन खड़ा करने वाली 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) कुछ ही महीनों के भीतर टूटकर दो टुकड़ों में बंट गई है। आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल मनीष ब्रह्मभट्ट ने CJP से अलग होकर 'कॉकरोच जनता पार्टी - डेमोक्रेटिक' (CJP-D) नाम से नए संगठन के गठन की आधिकारिक घोषणा की है। राजधानी दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेताओं पर आंदोलन का राजनीतिकरण करने और सिद्धांतों का सौदा करने का तीखा आरोप लगाया है।
"आंदोलन को बेच दिया गया": मनीष ब्रह्मभट्ट का गंभीर आरोप
दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मनीष ब्रह्मभट्ट ने नई पार्टी 'CJP-डेमोक्रेटिक' का ऐलान करते हुए कहा कि जिस आंदोलन को देश के युवाओं ने अपने खून-पसीने से सींचा था, उसे सफलता मिलते ही बेच दिया गया। उन्होंने कहा कि NEET प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ उठा यह जन-आंदोलन पूरे देश का था, लेकिन इसके मुख्य नेताओं ने अपनी महत्वाकांक्षाओं के लिए इसका राजनीतिक इस्तेमाल किया। नए गुट ने खुद को असली कॉकरोच जनता पार्टी का लोकतांत्रिक हिस्सा बताते हुए देश के वॉलंटियर्स से जुड़ने का आह्वान किया है।
अभिजीत दीपके पर तंज- "CJP अब टीम केजरीवाल बन चुकी है"
नाम लिए बिना और सीधे तौर पर अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका को आड़े हाथों लेते हुए ब्रह्मभट्ट ने आरोप लगाया कि वर्तमान CJP पूरी तरह से "टीम केजरीवाल" में तब्दील हो चुकी है। उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ CJP के शीर्ष नेतृत्व की नजदीकियों की ओर साफ इशारा करते हुए कहा कि जन-आंदोलन को एक खास राजनीतिक एजेंडे के तहत मोड़ दिया गया है। ब्रह्मभट्ट के अनुसार, आंदोलन से जुड़े मूल कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर अपनी पसंद के लोगों को नेतृत्व सौंप दिया गया है।
कार्यकर्ताओं और वॉलंटियर्स की उपेक्षा का दावा
बगावती नेता ने आरोप लगाया कि NEET आंदोलन की सफलता के बाद आयोजित किसी भी जश्न या बैठक में जमीनी स्तर पर लड़ाई लड़ने वाले कार्यकर्ताओं और वॉलंटियर्स को आमंत्रित तक नहीं किया गया। फैसलों में किसी की राय नहीं ली गई और पूरी प्रक्रिया को बंद कमरों तक सीमित कर दिया गया। यहां तक कि सोशल मीडिया और इंस्टाग्राम के जरिए आंदोलन से जुड़े उत्साही युवाओं की योग्यता और उनकी मांगों को भी सिरे से खारिज कर दिया गया।
CJP-डेमोक्रेटिक' ने नए वॉलंटियर्स से की जुड़ने की अपील
अपनी नई पार्टी की रूपरेखा साझा करते हुए मनीष ब्रह्मभट्ट ने कहा कि CJP-Democratic का उद्देश्य आंदोलन के मूल मुद्दों को बचाए रखना है। उन्होंने पारदर्शी और लोकतांत्रिक तरीके से काम करने का वादा करते हुए देश भर के युवाओं से 'कॉकरोच जनता पार्टी - डेमोक्रेटिक' में शामिल होने की अपील की है। इस नई टूट के बाद अब NEET आंदोलन से जुड़े युवाओं और छात्र राजनीति के क्षेत्र में भारी गहमागहमी देखी जा रही है।