नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में मानसून की बारिश का दौर अभी जारी है। सितंबर की शुरुआत में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने 4 और 5 सितंबर को दिल्ली में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने के साथ कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, 4 सितंबर को दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 4 और 5 सितंबर को राजधानी में बारिश के साथ मौसम सुहावना रहने की संभावना है।
उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश
दिल्ली के अलावा हरियाणा और चंडीगढ़ में 4-5 सितंबर को कई जगह भारी बारिश का अनुमान है। वहीं उत्तराखंड में 4 से 9 सितंबर तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 4 सितंबर को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी अलग-अलग दिनों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
पहाड़ी राज्यों में भी अलर्ट
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 4 सितंबर को कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में 4 और 5 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है। उत्तराखंड में 4 से 9 सितंबर के दौरान भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
राजस्थान, पंजाब और मध्य प्रदेश में बारिश
पंजाब में 4 से 9 सितंबर के बीच कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। पूर्वी राजस्थान में 4 सितंबर को कई जगह भारी बारिश का अनुमान है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में 4 से 6 सितंबर तक छिटपुट बारिश हो सकती है।
मध्य प्रदेश में भी बारिश का असर बना रहेगा। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 4 से 7 सितंबर और पूर्वी मध्य प्रदेश में 4 से 8 सितंबर तक कई जगह बारिश हो सकती है। 4 और 5 सितंबर को दोनों क्षेत्रों में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की संभावना है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 4 सितंबर को अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है।
बिहार-झारखंड में भी बारिश का दौर
बिहार में 4-5 सितंबर और 9 सितंबर को कई जगह बारिश होने का अनुमान है। 4 से 6 सितंबर और 8-9 सितंबर के दौरान भारी बारिश की संभावना है। झारखंड में 4 से 7 सितंबर तक कई जगह बारिश हो सकती है, जबकि 5 सितंबर और 8-9 सितंबर को भारी बारिश का अनुमान है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी 4 से 8 सितंबर तक भारी बारिश हो सकती है।
पूर्वोत्तर और पश्चिमी भारत में भी बारिश
अरुणाचल प्रदेश में 4 सितंबर को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है। असम, मेघालय और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में 4 से 9 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
वहीं, कोंकण और गोवा में 4 से 9 सितंबर तक कई जगह बारिश हो सकती है। गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और सौराष्ट्र-कच्छ में भी छिटपुट बारिश का अनुमान है। मध्य महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।