चक्रवाती तूफान 'शक्ति' का असर अब तक कई राज्यों में दिख चुका है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र, गुजरात और चेन्नई समेत कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार मुंबई और आस पास के इलाकों में कल यानी 7 अक्तूबर तक 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। साथ ही कुछ जगहों पर बारिश भी हो सकती है। मछुआरों को 7 अक्टूबर तक उत्तर-पश्चिमी अरब सागर, गुजरात और उत्तरी महाराष्ट्र के तटों के पास और आसपास के क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी गई है।
इस साल के मॉनसून सीजन का पहला चक्रवाती तूफान अरब सागर में उठा जिसका शक्ति नाम दिया गया। यह नाम श्रीलंका ने दिया है। इस बार चक्रवात के नामकरण की जिम्मेदारी श्रीलंका के पास थी। विश्व मौसम विज्ञान संगठन और एशिया प्रशांत के लिए संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक आयोग 2000 से चक्रवाती तूफानों का नामकरण कर रहे हैं।
Comments (0)