खालिस्तानी आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू ने दिल्ली के सीएम को लेकर बड़ा दावा किया है। पन्नी ने कहा कि, आम आदमी पार्टी ने 2014 से 2022 के बीच खालिस्तानी समूहों से 16 मिलियन डॉलर (लगभग 133.54 करोड़ रुपये) लिए।
पन्नू ने केजरीवाल पर लगाया ये आरोप
खालिस्तानी आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू ने आगे दावा किया है कि, साल 2014 में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने वित्तीय सहायता के बदले में दोषी आतंकवादी देविंदर पाल सिंह भुल्लर को रिहा करने का प्रस्ताव रखा था। उल्लेखनीय है कि, भुल्लर 1993 के दिल्ली बम विस्फोट में शामिल था, जिसके परिणामस्वरूप 9 व्यक्तियों की मौत हो गई थी और 31 अन्य घायल हो गए थे। पन्नू ने सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में ये दावे किए।
गुरपतवंत सिंह पन्नू का बड़ा दावा
गुरपतवंत सिंह पन्नू ने दावा किया है कि, 2014 में, केजरीवाल और खालिस्तान समर्थक सिखों ने न्यूयॉर्क के रिचमंड हिल में एक गुरुद्वारे में एक बैठक की, जहां केजरीवाल ने कथित तौर पर वित्तीय सहायता के बदले भुल्लर की रिहाई की सुविधा देने का वादा किया था। आपको बता दें कि, यह पहली बार नहीं है, जब पन्नू ने केजरीवाल और उनकी पार्टी पर खालिस्तानी समूहों से धन प्राप्त करने की बात कही है। इससे पहले जनवरी में पन्नू ने कहा था कि, केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान दोनों ने अमेरिका और कनाडा में खालिस्तान समर्थकों से 6 मिलियन डॉलर का दान स्वीकार किया है। पन्नू ने केजरीवाल और मान को चेतावनी दी थी कि, अगर फरवरी तक सिख फॉर जस्टिस नेता के सहयोगियों को रिहा नहीं किया गया तो संभावित परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। उन्होंने पंजाब पुलिस के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल द्वारा राजपुरा के रहने वाले जगदीश सिंह, मंजीत सिंह और दविंदर सिंह की गिरफ्तारी के बाद चेतावनी जारी की थी।
Comments (0)