नई दिल्ली: दशहरा और दिवाली पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए राहत की खबर है। त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे के सोलापुर डिवीजन ने 102 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है। रेलवे के मुताबिक, ये स्पेशल ट्रेनें मुंबई, चेन्नई, लातूर, कोल्हापुर और कलबुर्गी जैसे प्रमुख शहरों को जोड़ेंगी। इससे त्योहार के दौरान यात्रियों को अपने घर पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
मुंबई-चेन्नई के बीच चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
दशहरा और दिवाली के दौरान CSMT मुंबई और चेन्नई बीच के बीच स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। मुंबई से चेन्नई के लिए ट्रेन हर बुधवार चलेगी, जबकि चेन्नई से मुंबई के लिए हर गुरुवार ट्रेन रवाना होगी।
CSMT मुंबई → चेन्नई बीच
यह ट्रेन 14 अक्टूबर से 18 नवंबर 2026 तक हर बुधवार चलेगी। ट्रेन मुंबई से रात 12:35 बजे रवाना होकर उसी दिन रात 11:30 बजे चेन्नई बीच पहुंचेगी। इस सेवा के कुल 6 ट्रिप होंगे।
चेन्नई बीच → CSMT मुंबई
यह ट्रेन 15 अक्टूबर से 19 नवंबर तक हर गुरुवार चलेगी। चेन्नई से सुबह 4 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4 बजे मुंबई पहुंचेगी। इस दिशा में भी कुल 6 ट्रिप होंगे।
मुंबई-लातूर के बीच भी अतिरिक्त ट्रेनें
त्योहारी भीड़ को देखते हुए CSMT मुंबई और लातूर के बीच भी स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। दोनों दिशाओं में मंगलवार और गुरुवार को ट्रेनें चलेंगी।
मुंबई → लातूर: 13 अक्टूबर से 24 नवंबर तक कुल 13 ट्रिप। मुंबई से रात 12:35 बजे रवाना होकर उसी दिन सुबह 11:40 बजे लातूर पहुंचेगी।
लातूर → मुंबई: 13 अक्टूबर से 24 नवंबर तक कुल 13 ट्रिप। लातूर से शाम 4:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:10 बजे CSMT मुंबई पहुंचेगी।
कोल्हापुर-कलबुर्गी के बीच 64 ट्रिप
कोल्हापुर और कलबुर्गी के बीच सबसे ज्यादा फेस्टिवल स्पेशल सेवाएं होंगी। शुक्रवार को छोड़कर रोजाना दोनों दिशाओं में ट्रेनें चलेंगी।
कोल्हापुर → कलबुर्गी: 10 अक्टूबर से 15 नवंबर तक कुल 32 ट्रिप। ट्रेन सुबह 6:10 बजे रवाना होकर शाम 4:10 बजे कलबुर्गी पहुंचेगी।
कलबुर्गी → कोल्हापुर: इसी अवधि में कुल 32 ट्रिप। ट्रेन शाम 6:10 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5:40 बजे कोल्हापुर पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
मुंबई-चेन्नई स्पेशल: दादर, थाणे, कल्याण, लोणावला, पुणे, दौंड, कुर्दुवाडी, सोलापुर, कलबुर्गी, वाडी, कृष्णा, रायचूर, मंत्रालयम रोड, आडोनी, गूंटकल, गुंती, तडिपत्री, येरागुंटला, कडप्पा, रजमपेटा, रेणिगुंटा, अराक्कोणम और पेरम्बूर समेत कई स्टेशनों पर ठहराव होगा।
मुंबई-लातूर स्पेशल: दादर, थाणे, कल्याण, लोणावला, पुणे, उरुली, दौंड, भिगवन, जेऊर, कुर्दुवाडी, बार्शी टाउन, धाराशिव और हरंगुल प्रमुख ठहराव होंगे।
कोल्हापुर-कलबुर्गी स्पेशल: हातकणंगले, जयसिंगपुर, मिरज जंक्शन, अराग, बेलंकी, सुलगारे, कवठे महांकाळ, लांगरपेठ, ढालगांव, म्हसोबा डोंगरगांव, जावले, वासुद, सांगोला, पंढरपुर, मोडनिंब, कुर्दुवाडी जंक्शन, सोलापुर और कलबुर्गी जंक्शन पर ठहराव रहेगा।
27 सितंबर से शुरू होगी टिकट बुकिंग
इन स्पेशल ट्रेनों के लिए 27 सितंबर 2026 से टिकट बुकिंग शुरू होगी। यात्री कंप्यूटरीकृत रिजर्वेशन सेंटर, IRCTC वेबसाइट और RailOne ऐप के जरिए टिकट बुक कर सकेंगे। इन ट्रेनों में स्पेशल चार्ज लागू होगा। ट्रेन की लाइव टाइमिंग और अन्य जानकारी के लिए यात्री रेलवे के अधिकृत पूछताछ सिस्टम, RailOne और NTES ऐप पर जानकारी देख सकते हैं। रेलवे ने यात्रियों से वैध टिकट के साथ ही यात्रा करने की अपील की है, ताकि त्योहार के दौरान सफर में किसी तरह की परेशानी न हो।