New Delhi: 36 वर्षों में मई सबसे ठंडा रहने के बाद गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी में जून माह की शुरुआत भी कम तापमान से हुई। दिन अपेक्षाकृत ठंडा रहा और बादल छाए रहे। हिमाचल प्रदेश में लगातार तीन दिन वर्षा होने के कारण जून में लोग गर्म कपड़े पहनने को विवश हो गए। मंडी में अधिकतम तापमान सामान्य से 13.4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।
हतांग में हुई बर्फबारी
हतांग सहित ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ, जबकि कुछ क्षेत्रों में वर्षा हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार से वर्षा का दौर खत्म हो जाएगा। फिर तापमान और गर्मी दोनों में ही तेजी से वृद्धि होगी।
दिल्ली में आज चलेगी तेज हवाएं
दिल्ली में शुक्रवार को 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने तथा कहीं कहीं हल्की वर्षा भी होने की संभावना है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 35 और 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
पटना में पड़ रही भीषण गर्मी
बिहार में पटना सहित ज्यादातर जिले गुरुवार को भीषण गर्मी की चपेट में रहे। लू (हीट वेव) से आम लोगों के साथ पशु-पक्षी भी बेहाल हैं। गुरुवार को राजस्थान के जैसलमेर से भी अधिक गर्म पटना शहर रहा। यहां का अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जैसलमेर का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जम्मू के मैदानी इलाकों में हुई मूसलाधार बारिश
जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में ठंड पीछा नहीं छोड़ रही है। गुरुवार को कश्मीर का औसत तापमान सामान्य से आठ डिग्री कम रहा है। जम्मू के मैदानी इलाकों में कहीं रुक-रुक कर तो कहीं मूसलधार वर्षा जारी रही।
ला नीना का असर
मौसम विज्ञानी इसे ला नीना का असर बता रहे हैं। बीते 48 वर्षों के दौरान अगर मई की तुलना इस वर्ष मई के मौसम से करें तो यह सबसे ठंडा है। वर्षा भी ज्यादा हुई है। कश्मीर में अभी भी लोग जैकेट और फिरन पहने घूम रहे हैं, घरों में हीटर चलाए जा रहे हैं।
राजस्थान में आज भी बारिश का दौर जारी
राजस्थान मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह के मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। भारतीय मौसम विभाग के जयपुर केंद्र द्वारा जारी अनुमान में बताया गया है कि 1 जून को बीकानेर, जोधपुर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के जिलों में मेघगर्जन, तेज हवाएं/आंधी व हल्के से मध्यम बारिश की प्रबल संभावना है। 2 जून को भी छुटपुट स्थानों पर आंधी बारिश दर्ज होने की संभावना है।
6 जून के बाद बदलेगा मौसम
इसके बाद एक बार फिर से 3 और 4 जून को आंधी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने जा रही है। बीकानेर, जयपुर, अजमेर व भरतपुर संभाग के जिलों में तेज मेघगर्जन, तेज अंधड़ और तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है। आंधी बारिश की गतिविधियां राज्य के पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी भागों में आगामी 5-6 जून तक जारी रहने की संभावना है।
Comments (0)