वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए 4 हजार 400 से अधिक तीर्थयात्रियों का दूसरा जत्था जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से आज यानी की शनिवार को रवाना हुआ। इस संबंध में अधिकारियों ने बताया कि, तीर्थयात्री सुबह 1 हजार 88 वाहनों में आधार शिविर से रवाना हुए और इसके साथ ही जम्मू आधार शिविर से अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना होने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या 7,904 हो गई है।
इस यात्रा के लिए 2 मार्ग हैं
आपको बता दें कि, इससे पहले जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कल यानी की शुक्रवार सुबह तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को भगवती नगर आधार शिविर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इस यात्रा के लिए 2 मार्ग हैं। पहला, अनंतनाग जिले का 48 किलोमीटर लंबा पारंपरिक नुनवान-पहलगाम मार्ग, जबकि दूसरा गांदरबल जिले का बालटाल मार्ग, जो करीब 14 किलोमीटर छोटा, लेकिन बेहद दुर्गम है।
जम्मू में 33 आवास केंद्र स्थापित किए गए हैं
अधिकारियों ने आगे बताया है कि, भगवती नगर आधार शिविर के आसपास बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जम्मू में 33 आवास केंद्र स्थापित किए गए हैं और श्रद्धालुओं को रेडियो फ्रीक्वेंसी पहचान (आरएफआईडी) टैग जारी किए जा रहे हैं। यात्रा पर जाने के इच्छुक लोगों को पंजीकरण कराने के लिए पांच काउंटर बनाए गए हैं और अब तक 3.5 लाख से ज्यादा लोग ऑनलाइन पंजीकरण करा चुके हैं।
तीर्थयात्रा का समापन 31 अगस्त को होगा
इसके साथ ही अधिकारियों ने आगे बताया है कि, अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षाकर्मी तैनात किये गये हैं। बालटाल और पहलगाम मार्गों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। आगे अधिकारियों ने बताया हैं कि, यात्रा को देखते हुए नई सुरक्षा चौकियां स्थापित की गई हैं। तीर्थयात्रा का समापन 31 अगस्त को होगा।
Comments (0)