Rajasthan Weather Update: राजस्थान में अगस्त के आखिरी दिन मौसम ज्यादातर साफ रहा। सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में धूप खिली रही, जबकि कुछ इलाकों में हल्के बादल और हवाओं का असर देखने को मिला। डूंगरपुर को छोड़कर ज्यादातर जिलों में बारिश नहीं हुई। हालांकि हवा चलने के कारण कई शहरों में दिन के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। इस बीच अगस्त महीने में राजस्थान में बारिश का आंकड़ा चिंता बढ़ाने वाला रहा। पूरे महीने प्रदेश में सामान्य से काफी कम बारिश हुई। अगस्त में सामान्य तौर पर करीब 155 MM बारिश होती है, लेकिन इस साल महज 66.2 MM पानी बरसा। वर्ष 2015 से 2025 के आंकड़ों को देखें तो यह अगस्त में दर्ज हुई दूसरी सबसे कम बारिश है। मौसम विभाग ने सितंबर को लेकर भी राहत की बड़ी उम्मीद नहीं जताई है। विभाग के अनुसार इस महीने भी प्रदेश में बारिश सामान्य से कम रहने की संभावना है। हालांकि इसी बीच 2 सितंबर से बारिश का नया दौर शुरू होने की उम्मीद है, जिसके तहत अलग-अलग जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
2 सितंबर से बदलेगा मौसम, कई जिलों में बारिश का अलर्ट
सोमवार को मौसम केन्द्र जयपुर ने प्रदेश में मौसम के सामान्य रहने का पूर्वानुमान जारी किया। आज यानी मंगलवार को अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहने और धूप निकलने की संभावना है। इसके चलते कुछ जगहों पर तापमान में मामूली बढ़ोतरी भी हो सकती है। वहीं, 2 सितंबर से प्रदेश में बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। बुधवार को 6 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 3 और 4 सितंबर को भी प्रदेश के 10 से अधिक जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट बताया गया है। इस बदलाव से उन इलाकों को कुछ राहत मिल सकती है जहां पिछले कई दिनों से बारिश का इंतजार बना हुआ है।
अगस्त में सिर्फ 66.2 MM बारिश, 11 साल में दूसरी सबसे कम
राजस्थान में अगस्त के दौरान मानसून की कमजोर स्थिति बारिश के आंकड़ों में भी साफ दिखाई दे रही है। सामान्य तौर पर अगस्त में प्रदेश में करीब 155 MM बारिश होती है, लेकिन इस बार पूरे महीने केवल 66.2 MM पानी बरसा। वर्ष 2015 से 2025 के बीच अगस्त में इससे कम बारिश सिर्फ 2023 में दर्ज हुई थी। साल 2023 में अगस्त के दौरान राजस्थान में महज 30.9 MM बारिश हुई थी। इसके अलावा 2015 में 93.9 MM, 2017 में 84.8 MM और 2018 में 92 MM बारिश दर्ज की गई थी। वहीं, बाकी वर्षों में अगस्त की बारिश का आंकड़ा 100 MM से अधिक रहा। इस अवधि में सबसे ज्यादा बारिश 2024 में 344.6 MM दर्ज की गई थी। ऐसे में 2024 और 2026 के अगस्त के आंकड़ों में बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है।
सितंबर में भी सामान्य से कम बारिश की आशंका
अगस्त में कम बारिश के बाद अब सितंबर को लेकर भी मौसम विभाग का अनुमान प्रदेश के लिए बहुत उत्साहजनक नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार सितंबर में भी राजस्थान में बारिश सामान्य से कम रहने की संभावना है। हालांकि महीने की शुरुआत में कुछ जिलों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। ऐसे में अगले कुछ दिनों में होने वाली बारिश महत्वपूर्ण मानी जा रही है। खासकर उन क्षेत्रों में जहां लंबे समय से अच्छी बारिश नहीं हुई है, वहां बारिश से तापमान और उमस में राहत मिलने की उम्मीद है।
हवा चली तो कई शहरों में गिरा तापमान
सोमवार को राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में दिनभर धूप रही। इसके बावजूद हवा चलने के कारण तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिली। प्रदेश में सोमवार को सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई अन्य शहरों में तापमान सामान्य से आसपास या थोड़ा नीचे रहा। बारिश नहीं होने के बावजूद हवा के कारण कुछ क्षेत्रों में गर्मी का असर अपेक्षाकृत कम महसूस हुआ।
राजस्थान के प्रमुख जिलों में कैसा रहा मौसम?
जयपुर में साफ रहा आसमान, हवा से मिली थोड़ी राहत
राजधानी जयपुर में सोमवार को दिनभर आसमान साफ रहा और हल्की धूप देखने को मिली। दिनभर चलती रही हल्की हवा के कारण अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज हुई। जयपुर में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
कोटा में छाए हल्के बादल, बीच-बीच में निकली धूप
कोटा में सोमवार को हल्के बादल छाए रहे। हालांकि बीच-बीच में धूप भी निकलती रही और कुल मिलाकर मौसम साफ रहा शहर में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अजमेर में गर्मी और उमस ने किया परेशान
अजमेर में सुबह से ही धूप खिली रही। बारिश नहीं होने के कारण गर्मी और उमस का असर महसूस किया गया। अजमेर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं मानसून सीजन में अब तक अजमेर में 419 MM बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य से करीब 34 MM अधिक है।
जोधपुर में सामान्य रहा मौसम, रात का पारा ज्यादा
जोधपुर में अगस्त के आखिरी दिन मौसम सामान्य रहा। सुबह के समय बादल छाए और हवा चलती रही। शहर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य तापमान से 0.3 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक रहा।
अलवर में गर्मी बरकरार, 2 सितंबर से बारिश की उम्मीद
अलवर में धूप के कारण दिन के समय गर्मी का असर बना रहा। अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 2 सितंबर से अलवर में हल्की बारिश की संभावना है। बारिश होने पर गर्मी और उमस से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
सीकर में हवा से कम हुई गर्मी की तपिश
सीकर में सोमवार को पूरे दिन आसमान साफ रहा। हालांकि हवा चलने के कारण गर्मी का असर कुछ कम महसूस हुआ। यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फिलहाल सीकर में बारिश का कोई स्पष्ट पूर्वानुमान नहीं बताया गया है।
उदयपुर में दो सप्ताह से बारिश का इंतजार
उदयपुर में सोमवार सुबह से ही धूप खिली रही। दिनभर हल्की उमस के कारण लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। बताया गया है कि उदयपुर में करीब दो सप्ताह से बारिश नहीं हुई है। सोमवार को दिन के तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज हुई। अधिकत तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस रहा।